गुजरात में हिंदू लड़की और मुस्लिम लड़के के प्यार का अनोखा मामला सामने आया है। एक बालिग हिंदू लड़की ने सूरत पुलिस के दिए अपने आवेदन में कहा है कि वह एक मुस्लिम लड़के से प्यार करती है। वह उस लड़के से तभी शादी करेगी जब वह अपना धर्म बदलेगा और शाकाहार अपना लेगा।
18 साल 7 महीने की लड़की की तरफ से यह आवेदन काटाग्राम पुलिस को उसके मुस्लिम प्रेमी को हिरासत में लिए जाने के एक दिन बाद दिया गया है। इससे पहले लड़की के घरवालों ने लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। 22 अप्रैल को यह प्रेमी-प्रेमिका नानपुरा मैरिज रजिस्ट्री ऑफिस में शादी करने के लिए पहुंचे। इस बात की भनक इनके माता पिता को भी लग गई। जैसे ही उनके माता पिता वहां पहुंचे, ये लोग वहां से भाग गए।
हिरासत में रखने के बाद पुलिस ने इन दोनों को छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों बालिग हैं और अपने बारे में खुद निर्णय ले सकते हैं। हालांकि, लड़की अपने परिवार वालों के पास लौट आई है। इसके बाद उसने अपने माता-पिता और घरवालों की मौजूदगी में अपना आवेदन पुलिस को दिया है।
सब इंस्पेक्टर एआर राठौड़ ने कहा, ‘पुलिस के दिए हलफनामे में लड़की ने कहा कि उसका मुस्लिम युवक के साथ लिव-इन रिलेशनलशिप में रहने का समझौता हुआ था। उसने यह भी कहा कि वह मुस्लिम युवक से शादी करना चाहती है। लेकिन उसकी शर्त है कि लड़का अपना धर्म परिवर्तन कर ले और नॉनवेज खाना छोड़ दे। इसके साथ ही वह इस बात का भरोसा दे कि वह भविष्य में फिर से धर्म परिवर्तन नहीं करेगा और ना ही उसे नॉन वेज खाना बनाने के लिए मजबूर करेगा।
पुलिस को यह हलफनामा देते हुए उसने कहा कि इसकी एक कॉपी मुस्लिम लड़के और उसके परिवार वालों को भी भेजी जानी चाहिए। ‘ सूत्रों का कहना है कि लड़का और लड़की एक ही मोहल्ले में रहते थे। इन दोनों की 6 महीने पहले ही जान पहचान हुई थी। लड़का एक म्यूजिकल बैंड में काम करता है जबकि लड़की ने बीकॉम सेकेंड ईयर के बाद पढ़ाई छोड़ दी है।
जब लड़की के घरवालों को इस बात की भनक लगी तो वे मुस्लिम युवक के पिता के पास पहुंचे और कहा कि वे अपने लड़कों को इस रिश्ते को खत्म करने के लिए कहें। सूत्रों का कहना है कि लड़के के घरवालों को भी यह रिश्ता मंजूर नहीं है। उन्होंने अपने बेटे को धमकी दी कि वे उससे अपने सभी रिश्ते खत्म कर लेंगे। हालांकि परिवार के खिलाफ जाकर दोनों एक दूसरे से शादी करने को तैयार हैं।