गुजरात सचिवालय में रविवार (4 अक्टूबर, 2018) देर रात एक तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया है। सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल सचिवालय को बंद कर दिया गया है और 100 लोगों की टीम को तेंदुआ पकड़ने में लगाया गया है। पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में तेंदुए को सचिवालय के अंदर जाते हुए देखा जा सकता है, जो रात करीब दो बजे सचिवालय के मुख्य द्वार से दाखिल हो गया। वीडियो में नजर आ रहा है कि तेंदुआ गेंट नंबर सात से दाखिल हुआ और आसानी से अंदर चला गया। एक जानवर के इस तरह सचिवालय के अंदर दाखिल होने पर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे अधिकारियों पर सवाल उठने लगे हैं। राजधानी में स्थित सचिवालय परिसर में प्रदेश के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, अन्य मंत्रियों और वरिष्ठ नौकरशाहों के अलावा अन्य विभागों के कार्यालय भी हैं। विधानसभा भवन भी इसी परिसर में है।

गांधीनगर के एसपी मयूर चावड़ा ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया है। इसके अलावा सुरक्षा दृष्टि सचिवालय को पूरी तरह खाली करा लिया गया है। एसपी ने बताया कि तेंदुए को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि इमारत को तभी खोला जाएगा जब वन विभाग पूरे इलाके को सुरक्षित ना घोषित कर दे। सचिवालय में काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों से भी कहा गया है कि वे तेंदुए के पकड़े जाने तक परिसर में प्रवेश नहीं करें।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार देर रात करीब दो बजे तेंदुआ बंद दरवाजे के नीचे से सचिवालय में घुस गया। परिसर में तेंदुए के होने की सूचना प्राप्त होने ही वन विभाग ने उसकी तलाश शुरू कर दी। वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव कुमार गुप्ता का कहना है कि तेंदुआ शायद भटक कर सचिवालय में प्रवेश कर गया है। हम या तो उसे पकड़ लेंगे या फिर उसे परिसर से बाहर कर देंगे। उन्होंने कहा कि हमने ट्रैंक्विलाइजर गन से लैस टीम के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों को भी तैनात किया है। मामले में ज्यादा जानकारी का अभी इंतजार है।