सर्च इंजन वेबसाइट गूगल ने शुक्रवार को पृथ्वी दिवस के मौके पर प्रमुख पांच बायोम का चित्रण करते हुए आकर्षक डूडल पेश किया है। वेबसाइट खास मौकों को अलग अंदाज में डूडल पेश करके मनाने के लिए जाना जाता है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 1970 से हर साल 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल इसका महत्व और भी बढ़ गया है क्योंकि दुनिया के 120 से अधिक नेता शुक्रवार को पेरिस जलवायु समझौते पर आधिकारिक तौर पर हस्ताक्षर करेंगे, जिस पर पिछले साल दिसंबर में 190 से अधिक देशों ने सहमति जताई थी।
डूडल कलाकार सोफी डियाओ ने आकर्षक तरीके से टुंड्रा, जंगल, घास के मैदान, रेगिस्तान और प्रवाल भित्तियों को पांच अलग-अलग डूडल में उकेरा है। ऐसे में हर बार गूगल के होमपेज पर जाने पर अलग-अलग डूडल दिखते हैं। इसके साथ ही सभी डूडल में अलग-अलग बायोम के जीवों को भी शामिल किया गया है। जंगल में लोमड़ी, रेगिस्तान में कछुए, प्रवाल भित्ति के साथ ऑक्टोपस, घास के मैदान में हाथी और टुंड्रा में ध्रव पर पाए जाने वाले भालू का चित्रण किया गया है। अमेरिकी सीनेटर जेराल्ड नेल्सन ने 1970 में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए पृथ्वी दिवस की शुरुआत की थी।