रांची में एक इंजीनियरिंग कॉलेज की बीटेक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म के बाद अपराधियों ने न केवल पीड़ित छात्रा के साथ बर्बरता की बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव जलाने की कोशिश की। रांची के भाजपा सांसद रामटहल चौधरी के इंजीनियरिंग कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा मूल रूप से बरकाकाना स्थित सीएमपीडीआइ कॉलोनी की रहनेवाली थी। रांची में बूटी बस्ती में अपनी बड़ी बहन के साथ रह कर ओरमांझी के आरटीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से बीटेक कर रही थी। शुक्रवार सुबह पुलिस को छात्रा का शव उसके कमरे से मिला।
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर शव के पास काफी मात्रा में खून भी मौजूद था। आशंका जतायी जा रही है कि छात्रा के साथ अज्ञात लोगों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद पास में रखे लोहे की तार से उसका गला घोंट दिया। दुष्कर्मियों ने मकान को बाहर से बंद कर दिया ताकि इसकी भनक किसी को ना लगे। छात्रा गुरुवार रात घर में अकेली थी। इस मामले में छात्रा के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। शव के प्राइवेट पार्ट्स में जख्म के गहरे निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि एक से अधिक अपराधकर्मी इस वारदात में शामिल रहे होंगे।
इस बीच रांची पुलिस ने देर रात बूटी बस्ती में छापेमारी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। तीनों संदिग्ध लॉज में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करते हैं। पुलिस तीनों संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ कर रही है।
छात्रा के पिता ने बताया कि वह बड़काकाना में पोस्टेड हैं। उनकी चार बेटियों में पीड़िता सबसे छोटी थी। छात्रा अपनी बहन के साथ रहती थी। बीते शनिवार बड़ी बहन और पीड़िता बड़काकाना आयी थीं। तबीयत खराब होने की वजह से बड़ी बहन वहीं रह गई। जबकि छात्रा को लेकर उसके पिता कॉलेज आए। यहां छात्रा ने चौथे सेमेस्टर का रिजल्ट लिया फिर अपने कमरे पर आ गई। पिता के अनुसार गुरुवार शाम 6.30 बजे आखिरी बार उनकी बात बेटी से हुई थी। तब उसने मोबाइल रिचार्ज कराने को कहा था।
शुक्रवार की सुबह छात्रा की बहन ने उसे फोन किया। लेकिन, उसका फोन रिंग होने के बाद बंद हो गया। ऐसे में बड़ी बहन ने पुराने किरायेदार की पत्नी को फोन किया। जब पूर्व किरायेदार की पत्नी छात्रा के घर की चाहरदीवारी खोल अंदर आयीं तो देखा कि मकान के बाहर का ग्रील और दरवाजा बाहर से ही बंद है। दरवाजा खोल वह अंदर दाखिल हुई तो देखा कि नग्न स्थिति में छात्रा के शरीर का ऊपरी हिस्सा जल रहा है। उसने भागकर पूरी बात आस-पड़ोस के लोगों को बतायी। हैरान पड़ोसियों ने किसी प्रकार पानी फेंककर आग बुझाया।
छात्रा के साथ हुई दरिंदगी की सूचना मिलने के बाद कॉलेज के सैकड़ों छात्र घटनास्थल पहुंचे। छात्रों ने बस्ती के लोगों के खिलाफ नारेबाजी की। ऐसे में बस्ती की महिलाएं भी विरोध में खड़ी हो गईं। काफी समझाने बुझाने के बाद छात्र मौके से हटे। शाम तकरीबन तीन बजे छात्रा के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा।
