उत्‍तर प्रदेश के फिरोजाबाद के बेंदी गांव में मंगलवार को तनाव फैल गया। हाईवे के पास एक खेत में 13 गाएं और 5 बैल मरे पाए गए। 13 और गाएं बेहोश पाई गईं। इसके बाद स्‍थानीय लोग जमा हो गए। उन्‍होंने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। तुरंत बड़ी संख्‍या में पुलिस तैनात की गई। पुलिस ने हालात संभाल लिया।

पुलिस को शक है कि तस्‍करों ने जानवर मर जाने के बाद उन्‍हें खेत में छोड़ दिया होगा। पुलिस ने तत्‍काल डॉक्‍टर बुलवा कर मरे जानवरों का पोस्‍टमॉर्टम करवाया। इसके बाद उन्‍हें वही दफनाया गया। पोस्‍टमॉर्टम से पता चला कि गायों और बैलों की मौत 36 घंटे पहले हुई थी। 13 बेहोश जानवरों में से पांच गाय थीं। इनको इलाज के बाद गांववालों के हवाले कर दिया गया। बाकी आठ बैल नगर निगम की गोशाला में भेज दिए गए।