उत्तरप्रदेश में अगले साल चुनाव होने हैं। इसी बीच एक और जिले के नाम बदलने की तैयारी योगी सरकार कर रही है। फिरोजाबाद जिले का जल्द ही नाम परिवर्तित हो सकता है। जिला पंचायत ने इसके लिए प्रस्ताव भी पास कर दिया है।

फिरोजाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह ने रविवार को कहा कि जिला पंचायत ने जिले का नाम बदलकर चंद्रनगर करने का प्रस्ताव पारित किया है।भाजपा नेता और पार्टी के प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव ने शनिवार को पहले जिला पंचायत सत्र के दौरान यह प्रस्ताव पेश किया। यादव हाल ही में संपन्न पंचायत चुनावों में फिरोजाबाद (सदर) से कार्यालय के लिए चुने गए हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए, जिला पंचायत की अध्यक्ष हर्षिता सिंह ने कहा, “प्रस्ताव को शनिवार को एक सत्र में मौखिक रूप से पेश किया गया था, जब अधिकांश सदस्य मौजूद थे। यह प्रस्ताव प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी नारायण ने लाया गया था, और सदन ने इसे पारित कर दिया। इस प्रस्ताव पर किसी ने कोई विरोध नहीं दिखाया। सदन में एक भी व्यक्ति ने इसका विरोध नहीं किया”।

आगे हर्षिता सिंह ने कहा कि अगले सप्ताह तक, हम जिला मजिस्ट्रेट को प्रस्ताव के बारे में सूचित करते हुए एक पत्र लिखेंगे। फिर वह आगे की कार्रवाई करेंगे और राज्य सरकार को लिखेंगे। राज्य सरकार ही नाम परिवर्तन के बारे में अंतिम निर्णय लेगी।

नाम बदलने के कारण के बारे में पूछे जाने पर हर्षिता सिंह ने कहा, ‘हम नाम नहीं बदल रहे हैं। हम बस पुराने नाम पर वापस जा रहे हैं, जो मुगलों के भारत आने से पहले चंद्रनगर था। फिरोज शाह, जो बादशाह अकबर के प्रतिनिधि थे, ने इस जगह का नाम फिरोजाबाद रखा। 1560 के दशक से पहले, इस जगह का नाम राजा चंद्र सेन के नाम पर रखा गया था, जिन्होंने मुगलों से पहले शासन किया था।

लक्ष्मी नारायण यादव ने इस प्रस्ताव पर बात करते हुए कहा कि पूरा जिला यह बदलाव चाहता था। मैंने इस प्रस्ताव को जिला पंचायत के सत्र में रखा। जिसके बाद इसे ध्वनि मत से पारित कर दिया गया।

फिरोजाबाद जिले की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, शहर का प्राचीन नाम चांदवार नगर था।