देश की राजधानी दिल्ली से हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां आपसी विवाद में दो हथियारबंद नाइजीरियाई गैंग भिड़ गए। दोनों के बीच हुई मारपीट में नर्सिंग होम का निजी सुरक्षाकर्मी भी जख्मी हो गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। इधर, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मामला दक्षिणी दिल्ली के साकेत इलाके का है। शनिवार तड़के चार बजे दो हथियारबंद अफ्रीकी गैंग नीलू एजेंल नर्सिंग होम में भिड़ गए थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच आधी रात को लड़ाई हुई थी। नर्सिंग होम में एक पक्ष के तीन नाइजीरियाई शख्स पहुंचे थे, जिनके बुरी तरह चोटें लगी थीं। जबकि उनके साथ के दर्जन भर लोग बाहर खड़े थे।
घटना के दौरान एक और नाइजीरियाई शख्स वहां ऑटो से पहुंचा। बाहर खड़े लोगों ने उसे नर्सिंग होम के अंदर आते देखा, तो उसका पीछा करते-करते अंदर आ गए। वे उस पर हमला करने लगे। वे लोग तलवार और चाकुओं के साथ अंदर घुस आए और हमला करने लगे। बीच बचाव करने के चक्कर में सिक्योरिटी गार्ड चोटिल हो गया। जबकि वहां के बाकी कर्मियों ने जान बचाने के लिए वहां के वॉशरूम्स में खुद को बंद किया। इधर, सूचना पर पुलिस पहुंची और वे वहां से फरार हो गए।
#WATCH: Two groups of Nigerian nationals clash with each other at a private nursing home in #Delhi pic.twitter.com/Ia0WiLEPdO
— ANI (@ANI) October 30, 2017
एक मिनट 12 सेकेंड की क्लिप में नर्सिंग होम के दृश्य होते हैं। अचानक से एक दरवाजा टूटता है। तीन नाइजीरियाई लोग एक शख्स को घसीट-घसीट कर पीट रहे होते हैं। वे बाद में उसे जमीन गिरा देते हैं। पुलिस का इस बारे में कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मगर अभी तक न तो किसी आरोपी की पहचान की जा सकी है और न ही कोई गिरफ्तार किया जा सका है। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। उनका कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में अफ्रीकी दूतावास के अधिकारियों से बात की गई है।

