फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर दोनों ओर से पत्थरबाजी होती दिखाई दे रही है।

फिलहाल पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, नेहरू कॉलोनी में सोमवार रात को दो पक्षों के बीच गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मंगलवार सुबह दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को काबू में किया। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस वजह से इतना बढ़ गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चेतावनी दी है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर बड़े-बड़े पत्थर फेंक रहे हैं। इस घटना में कुछ महिलाओं के भी घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

फरीदाबाद हमेशा से ही संवेदनशील क्षेत्र माना गया है। इससे पहले भी यहां कई मौकों पर हिंसक झड़पें हो चुकी हैं, पुलिस के साथ टकराव भी देखने को मिला है। इसी वजह से जब नेहरू कॉलोनी में बवाल बढ़ा तो प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आया और स्थिति को नियंत्रण में किया गया।