Explosion in Madurai: तमिलनाडु के मदुरै जिले में गुरुवार (10 नवंबर, 2022) को एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पटाखा फैक्ट्री में धमाके के बाद ये हादसा हुआ। पुलिस बल मौके पर है। राहत कार्य चल रहा है। अभी तक पांच शव बरामद हुए हैं। जबकि 10 लोग घायल हो गए हैं। इस बात की पुष्टि मदुरै के एसपी ने की है। घटना मदुरै जिले के उसिलंबट्टी के पास की है। मृतकों की पहचान अम्मावासी, वल्लारासु, गोपी, विकी और प्रेमा के रूप में हुई है। उधर, जो दस मजदूर घायल हुए हैं उनकी भी हालत गंभीर है।
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मदुरै जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 5 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा शोक संतृप्त परिवारों को 5-5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की।
फैक्ट्री में विस्फोट की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आग बुझाने वाले दल को तुरंत जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की और पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। मदुरै के एसपी ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उसिलंबट्टी के पास एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है। विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हादसे की जांच की जा रही है।प्रशासन लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुट गया है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में पटाखों के गोदाम के अलावा यहां पर किराएदार भी रहते थे।
वहीं 25 अक्टूबर को केरल एडप्पल में एक व्यस्त जंक्शन पर एक कम तीव्रता वाला विस्फोट हुआ। बाद में एडप्पल में गोल चक्कर के पास विस्फोटक फेंकने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए एक जांच शुरू की गई थी। घटना में किसी को चोट नहीं आई थी। हालांकि, पुलिस ने कहा था कि वे आसपास से एकत्र किए गए सीसीटीसी फुटेज की जांच कर रहे हैं। अक्टूबर में मध्य प्रदेश के मुरैना में भी एक पटाथा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और सात लोग घायल हो गए थे। विस्फोट में पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया था।