दिल्ली पुलिस की सुरक्षा बल में तैनात एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पर महिला ने बलात्कार, मासूम बच्चे को अगवा करने और बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। एसीपी की पहचान रमेश दहिया के रूप में हुई है। आरोप है कि एसीपी ने एक विधवा महिला से बलात्कार किया और शादी का झांसा भी दिया। बाद में वह शादी करने से इनकार करने लगा। पीड़िता के पति पर कई अपराधिक मामले दर्ज थे। इसी सिलसिले में वह अपने पति के साथ मिली थी। पर उसके पति की बीमारी की वजह से मृत्यु हो गई। उसके बाद वह महिला के घर आने-जाने लगा और उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसके साथ बलात्कार करने लगा। रमेश दहिया को अभी हाल ही में थानाध्यक्ष से एसीपी के पद पर प्रोन्नत किया गया है। फिलहाल सदर बाजार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार, जान से मारने, बच्चे का अपहरण करने और पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की छानबीन कर रही है। मामला अपराधा शाखा को सौंप दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक 33 साल की शबनम (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ सदर बाजार इलाके में चार बच्चों के साथ रहती है। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि दो नवंबर 2016 को एक मामले के सिलसिले में वह अपने पति के साथ सदर बाजार थाने गई थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात थानाध्यक्ष रमेश दहिया से हुई। आरोपी उस समय थानाध्यक्ष था। कुछ दिन बाद रमेश दहिया ने शबनम के घर आना-जाना शुरू कर दिया। इस बीच 16 मार्च 2017 को उसके पति की बीमारी से मौत हो गई। अप्रैल 2017 में आरोपी रमेश दहिया शबनम के घर आया और नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ बलात्कार किया।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि इस वीडियो के आधार पर आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा। उसने वीडियो वायरल करने के नाम पर कई बार उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने इसका लगातार विरोध किया तो आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया। इसी बीच वह जुलाई 2017 में गर्भवती हो गई। इस पर आरोपी ने पीड़िता को बच्चा गिराने की बात कही, लेकिन इसके लिए वह तैयार नहीं हुई।
