राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक बाबा का भांडाफोड़ हुआ है। आरोप है कि बाबा के वेश में बलात्कारी बना यह शख्स अपनी भक्तों और शिष्याओं का रेप करता था। उसने कुछ खास शिष्याएं बना रखी थीं जिनकी मदद से वह अलग-अलग महिला भक्तों को फांसता था और अपने करीब मंगवाता था। सोमवार (4 जुलाई) को उसका भांडा फूटा तो पुलिस उसके पीछे पड़ गई। पर बाबा का पता नहीं चल रहा। उसे आखिरी बार सोमवार (4 जुलाई) सुबह 11:30 बजे दिल्ली स्थित उसके घर पर देखा गया था। यहां हर सोमवार को होने वाला सत्संग भी नहीं हुआ। दिल्ली पुलिस भी बाबा की तलाश में जुट गई है।
अब तक की जांच में पता चला है कि छतरपुर के रहने वाले कथित बाबा रजनीश ग्रोवर उर्फ अशोक कुमार ने कुछ खास शिष्याएं बना रखी थीं। ये शिष्याएं ही महिलाओं को बाबा से अकेले में मिलने के लिए प्रेरित करती थीं। वे महिलाओं से कहती थीं कि ‘जिन्हें बाबा का आशीर्वाद मिल जाता है उन्हें स्वर्ग की प्राप्ति होती है।’ लेकिन बाबा की शिकार बनी एक महिला ने उसकी पोल खोल दी। महिला का आरोप है कि ग्रोवर ने उसे नशीला बिस्कुट खिला कर उसका रेप कियाा। महिला जयपुर की है। जयपुर के जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर जांच शुरू की है। पुलिस ने बाबा को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई है और दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साधा है।

