उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सर्पदंश के चलते 16 महीने पहले कथित तौर पर मर चुका एक युवक अचानक घर लौट आया। उसे वापस आया देख हर कोई चकित रह गया। युवक के घर पर देखने वालों का भीड़ उमड़ रही है। जिन सपेरों के साथ वह वापस आया है उन्होंने उसे तंत्र विद्या के जरिए उसका जहर निकालकर उसे पुनर्जीवित करने का दावा किया है। हालांकि पूरे घटनाक्रम पर नजर डालने पर इस तरह के दावों पर सवाल भी खड़े होते हैं।
…ऐसे हुआ था अंतिम संस्कार
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ’23 अगस्त 2017 के दिन सैमुला गुन्नौर के रहने वाले योगेश पिता राम निवास को हरियाणा के रोहतक में सांप ने काट लिया था। इसके बाद दोस्त और परिजन उसे स्थानीय सपेरों के पास ले गए। सपेरों ने उसकी हालत देखकर इलाज करने से मना कर दिया। इसके बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद उसके शव को गंगा में प्रवाहित कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद विधिवत सभी क्रियाकर्म भी किए गए थे।’
पिता मान रहे भगवान का करिश्मा
इस घटनाक्रम के 16 महीने बाद मंगलवार को योगेश कुछ सपेरों के साथ वापस अपने घर लौट आया। एकाएक उसे सामने देखकर परिजनों को भी यकीन नहीं हुआ। पिता इसे भगवान का करिश्मा मान रहे हैं तो मां के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। सपेरों का कहना है कि उन्होंने शव को गंगा से निकाल लिया था और फिर उसे जीवित कर दिया। फिलहाल इस मामले में किसी तरह की पुलिस कार्रवाई या जांच की बात सामने नहीं आई है।