मुर्शीदाबाद जिले के जाफराबाद गांव में एक घर में देसी बम फटने से हुए धमाके से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 6 अन्य घायल हो गए। मारे गए शख्स का नाम शौकत अली बताया जा रहा है। वह कथित रूप से तृण मूल कांग्रेस का कार्यकर्ता बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक वह अन्य लोगों के साथ मिलकर घर में बम बना रहा था जिस दौरान किसी गड़बड़ी के चलते धमाका हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक धमाके के बाद से घर का मालिक फीतू सिंह फरार है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार (26 जून) को रात करीब दस बजे 8-9 लोग घर पर आए थे जिसके कुछ देर बाद धमाके की आवाज आई। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि इससे घर को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि घायल लोगों को पुलिस के पहुंचने से पहले ही अस्पताल पहुंचा दिया गया था। उधर मुर्शीदाबाद एसपी पी सुधाकर ने कहा कि एक व्यक्ति की मौत हुई लेकिन किसी के भी घायल होने की पुलिस को कोई जानकारी नहीं है।