दिल्ली में चिकनगुनिया का प्रकोप बढ़ने के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में इस बीमारी से पांच लोगों के मरने की खबर है और पीड़ितों की संख्या 1,000 के पार चली गई है। दिल्ली में आज एक व्यक्ति की चिकनगुनिया से मौत हो गई। सर गंगा राम अस्पताल में 75 वर्षीय प्रकाश कालरा की आज शाम इस बीमारी से मृत्यु हो गई। कालरा मथुरा के रहने वाले थे। कल इसी अस्पताल में तीन वृद्ध लोगों की चिकनगुनिया से मौत हुई थी।
अस्पताल के अधिकारियों ने कहा, ‘‘उसे काफी गंभीर हालत में इस अस्पताल में लाया गया था और उसकी किडनी फेल हो गई थी। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उसकी चिकनगुनिया आरटी-पीसीआर रिपोर्ट सकारात्मक आई।’अधिकारियों ने कहा कि 65 वर्षीय रामेन्द्र पांडेय की सर गंगा राम अस्पताल में चिकनगुनिया से कल मौत हो गई। कल इसी अस्पताल में उदय शंकर और 62 वर्षीय अशोक चौहान की भी मौत हुई। इन सभी की मौत चिकनगुनिया से होने की आज पुष्टि हुई। वहीं 22 वर्षीय एक लड़की की हिंदू राव अस्पताल में एक सितंबर को मौत हो गई थी और इसके चिकनगुनिया से मरने की पुष्टि आज की गई।
सर गंगा राम अस्पताल के प्रबंधन बोर्ड के चेयरमैन डाक्टर बी.एस. राणा ने कहा कि कल जिन तीन लोगों की मृत्यु हुई, उन सभी की उम्र 60 से उच्च स्तर पर थी। ‘‘द्वारका के उदय शंकर को 11 सितंबर को भर्ती कराया गया और 12 सितंबर को उनकी मृत्यु हो गई। चिकनगुनिया के लिए उनका आरटी-पीसीआर टेस्ट सकारात्मक आया। वह हमारे ओपीडी में आए थे और फिर उन्हें भर्ती कर लिया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने कहा, ‘‘अलीगढ़ से 62 वर्षीय अशोक चौहान की भी कल चिकनगुनिया से मौत हो गई। उन्हें भी 11 सितंबर को आईसीयू में भर्ती कराया गया था और उनका आरटी-पीसीआर टेस्ट सकारात्मक आया।’’