भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी उम्र में भले ही काफी बड़े हों, लेकिन उनके तेवर किसी नौजवान से कम नहीं दिखते। हाल ही में इस बात की बानगी राजधानी दिल्ली में देखने को मिली। उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में हुई भाजपा की हार पर एक मंत्री ने उन्हें सलाह दी, जिस पर भाजपा नेता ने करारा जवाब दिया। इतना जोरदार कि केंद्रीय मंत्री ने उनके सामने से खिसकने में ही अपनी भलाई समझी। 84 वर्षीय जोशी कानपुर नगर से सांसद हैं। वह पार्टी में मार्गदर्शक मंडल के सदस्य भी हैं। बता दें कि यूपी में गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीटों के लिए उपचुनाव हुए थे। बुधवार (14 मार्च) को हुई मतगणना में समाजवादी पार्टी (सपा) ने दोनों ही सीटों पर जीत दर्ज की। ये दोनों ही लोकसभा सीटें भाजपा के लिए बेहद खास रही हैं। गोरखपुर में 47.45 फीसद मतदान हुआ, जबकि फूलपुर में 37.39 फीसद लोगों ने वोट डाले। 2014 में इन दोनों ही सीटों पर भारी अंतर से भाजपा ने विजय हासिल की थी।

जोशी से जुड़ा यह ताजा मामला गुरुवार (15 मार्च) का है। वह संसद भवन से बाहर निकल कर आ रहे थे। अचानक उनके सामने कुछ लोग पहुंचे। वे हाल ही में उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनावों के नतीजों पर उनकी प्रतिक्रिया जानना चाह रहे थे। जोशी  मुस्कुराए। इसी दौरान एक मंत्री की जोशी पर नजर पड़ी। वह फौरन जोशी के पास पहुंचे और कहा कि पूछे गए सवालों पर नाराज न हों, बल्कि उनके जवाब दें। इस पर जोशी ने कहा, “मैं आपसे उम्र और अनुभव, दोनों ही में काफी बड़ा हूं।” यह सुनते ही उस मंत्री की बोलती बंद हो गई और वह फौरन वहां से रफूचक्कर हो गए। यह मंत्री महाराष्ट्र के नामी नेता थे।