बिहार की MLC मनोरमा के बेटे रॉकी यादव ने शनिवार (29 अक्टूबर) को सरेंडर कर दिया। गौरतलब है कि कल सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत रद्द कर दी थी। रॉकी को पटना हाईकोर्ट से जमानत मिली थी लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उसपर स्टे लगा दिया था। रॉकी ने गया जिला कोर्ट में सरेंडर किया था। रॉकी यादव जनता दल युनाइटेड (जेडयू) की निष्काषित नेता मनोरमा देवी के बेटे हैं। गौरतलब है कि रॉकी यादव ने 12वीं क्लास के लड़के आदित्य सचदेव को साइड ना देने पर गोली मार दी थी। तब बिहार विधान परिषद में जदयू सदस्य मनोरमा देवी के पुत्र रॉकी कुमार यादव और उनके सहयोगी रात को एक कार से जा रहे थे। बोधगया से आदित्य कुमार सचदेव अपने चार साथियों के साथ कार से गया जिला मुख्यालय लौट रहा था। आदित्य ने आगे बढ़ने के लिए यादव की गाड़ी ओवरटेक की थी। जिसके बाद यादव ने अपनी गाड़ी बढ़ा कर आदित्य को रोका और ‘सबक’ सिखाने के लिए उसे कथित तौर पर गोली मार दी थी।