बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र के एक नहर में सोमवार (4सितंबर) को 250 से ज्यादा जानवरों के शव बहकर पहुंचने से क्षेत्र में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया। पुलिस के अनुसार, हरिपुरकला तिनकोनमा जेसीबी नहर में कम से कम 250 से ज्यादा जानवरों के क्षत-विक्षत शव पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। पुलिस प्रशासन ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
इस बीच बड़ी संख्या में नहर पर पहुंचे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के एक वाहन को नहर में धक्का देकर गिरा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार को दोपहर के बाद अचानक जानवरों के क्षत-विक्षत शव बहकर नहर में आने लगे। धीरे-धीरे इसकी संख्या पांच सौ से ज्यादा हो गई।
घटनास्थल पर पहुंचे मधेपुरा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार निराला ने बताया कि मृत जानवरों के शव अररिया या वीरनगर क्षेत्र से बहकर यहां पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है कि आखिर जानवरों के शव नहर में क्यों डाले गए?
निराला ने बताया कि क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि इन सभी शवों को ग्रामीणों की मदद से जमीन में दफना दिया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।

