पुलिस मुठभेड़ में शहीद हुए पसराहा थानेदार आशीष कुमार सिंह की शहादत के बाद भागलपुर पुलिस आईजी रेंज के पांच ज़िलों में जल दस्युओं को दबोचने के लिए पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। आईजी सुशील खोपड़े अभियान की खुद निगरानी कर रहे है। और रोजाना मिल रही कामयाबी की रपट मुख्यालय को भेज रहे है। नतीजतन इतवार को नवगछिया पुलिस को बड़ी कामयाबी भी मिली है। एसपी निधि रानी के मुताबिक कई कांडों का फरार बदमाश नटवर शर्मा उर्फ नटवर तांती उर्फ नट्टा को पुलिस ने बिहपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। इसके पास से देसी तमंचा और आधा दर्जन जिंदा कारतूस वरामद हुआ है। एसपी बताती है कि इसके कुछ साथी बीते 15 अगस्त को गिरफ्तार किए गए थे। मगर यह फरार होने में सफल हो गया था। इसके खिलाफ लूट, हत्या जैसे अपराधों के आधा दर्जन से ज्यादा मामले विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज है।

आईजी खोपड़े ने बताया कि आशीष की शहादत बेकार नहीं जाएगी। दुर्दांत जल दस्यु दिनेश मुनि अपने गिरोह के सभी सदस्यों को पहले ही ख़ो चुका है। मगर दियारा इलाके में दूसरे सक्रिय गिरोह के सदस्यों को ले घटनाओं को अंजाम देता रहता है। मगर अब जलदस्युओं की खैर नहीं है। पांच ज़िलों के दियारा इलाके की नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान शनिवार से शुरू है। आईजी के मुताबिक काम्बिंग आपरेशन में डेढ़ सौ सशस्त्र पुलिस बल के जवान लगाए गए है। जिनमें दो यूनिट एसटीएफ के साथ पांच डीएसपी व एएसपी को भी अभियान में तैनात किया गया है। भागलपुर , नवगछिया, खगड़िया, मुंगेर व बेगूसराय के एसपी को इस बाबत खास हिदायतें दी गई है। भागलपुर के डीआईजी विकास वैभव और मुंगेर के डीआईजी जितेंद्र मिश्र को अभियान की निगरानी अपने स्तर से कर रहे है।

आईजी बताते है कि इसके अलावे गंगा और कोशी नदी में मोटरबोट से पुलिस गश्त कराने के साथ दियारा के रेतीले इलाके में घुड़सवार पुलिस की पेट्रोलिंग कराने की भी योजना बनी है। इसके अलावे फरार सक्रिय जलदस्युओं की सूची तैयार करने काम भी जारी है। ताकि इनकी शिनाख्त कर दबोचा जा सके। ध्यान रहे कि शुक्रवार आधी रात खगड़िया और नवगछिया ज़िले की सीमा पर दुधेला दियारा में जलदस्युओं के साथ पुलिस की हुई मुठभेड़ में मोर्चा संभाल पसराहा थानेदार आशीष शहीद हो गए थे। मगर इन्होंने भी बहादुरी से मुकाबला करते एक जलदस्यु श्रवण यादव को मार गिराया था। एक कांस्टेबल दुर्गेश यादव भी डकैतों की गोली से जख्मी हुआ। जिसका जेएलएन भागलपुर मेडिकल अस्पताल में इलाज चल रहा है। डाक्टरों ने इतवार को उसकी तबियत खतरे से बाहर बताई है।