Bihar Flood and Lighting: बिहार में इन दिनों बाढ़ और बारिश से लोग बेहाल हैं। राज्य के लाखों लोग इस भीषण प्राकृतिक संकट से जूझ रहे हैं तो ऐसे में आकाशीय बिजली (वज्रपात) ने बिहारवासियों की मुसीबतें और बढ़ा दी हैं। मामला बक्सर जिले का है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग जगहों पर चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान कई लोग घायल भी हुए हैं। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अधिकांश लोगों की मौत खेतों में काम करने के दौरान हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मधुबनी, दरभंगा, सहरसा, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार आदि जिलों में बाढ़ से अबतक 123 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि करीब लगभग 80 लाख लोग इससे प्रभावित हैं।
शुक्रवार देर शाम बक्सर जिले के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से दो सगी बहनों समेत चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बरांव गांव निवासी सोहन साह की 16 वर्षीय बेटी गुड़िया और 10 वर्षीय संजू अपने पिता के लिए खेतों पर खाना लेकर जा रहीं थीं। तभी तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों बहनें उसकी चपेट में आ गईं। बिजली की चपेट में आने से झुलस चुकी दोनों लड़कियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों बहनों को मृत घोषित कर दिया। ऐसे ही टिकपोखर गांव में खेत में काम रही मीना देवी के ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि नुआंव गांव में आकाशीय बिजली के चपेट में आने से 57 वर्षीय हरिशंकर यादव की मौत हो गई।
National Hindi News 27 July 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इन सबके बीच बिहार में बाढ़ का कहर अभी जारी है। आपदा प्रबंधन विभाग की माने तो बिहार के 13 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। शिवहर, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार,सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, सहरसा और पश्चिमी चंपारण जिलों में बाढ़ के चलते करीब 128 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि बाढ़ से करीब 80 लाख लोग बाढ़ के प्रभावित हैं।