उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दुल्हन पर दो महिलाओं ने तेजाब फेंक दिया। यह घटना शुक्रवार (25 नवंबर) की रात को बरेली के छावनी इलाके में बने एक गेस्ट हाउस में हुई। पुलिस के मुताबिक, 24 साल की दुल्हन अंजना के चेहरे पर घातक निशान पड़ गए हैं। शादी के कार्यक्रम के बीच में ही लड़की को हॉस्पिटल में भर्ती करवाना पड़ा था। घरवालों ने पुलिस को बताया कि अंजना अपनी दादी के साथ मंडप में जाने को तैयार होकर बैठी हुई थी उस वक्त ही हमला हुआ। उस वक्त घर के बाकी सदस्य बारात को लेने के लिए बाहर गए हुए थे। तब ही दो महिलाएं घर के अंदर आईं। उन्होंने कहा कि वह बारात के साथ आई हैं और दुल्हन को देखना चाहती हैं। फिर जैसे ही वह अंजना के पास पहुंची उन्होंने उसपर तेजाब डाल दिया और भाग गईं।
बरेली सिटी एसपी समीर सौरभ ने बताया कि लड़की के चेहरे का 30 प्रतिशत हिस्सा जल गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाएं भाग तो गई हैं लेकिन पुलिस सीसीटीवी की मदद से उनको पकड़ने की पूरी कोशिश कर रही है। उन महिलाओं की फिलहाल तो कोई जानकारी नहीं मिली है। यह भी नहीं पता कि महिलाओं की अंजना या उसके परिवार से क्या दुश्मनी थी।

