आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बादल परिवार और पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह पर यह आरोप लगाते हुए हमला किया कि उन्होंने अपने ‘निहित स्वार्थों’ के लिए राज्य को ‘लूटा’ है। केजरीवाल ने अपनी पार्टी का ‘किसान घोषणापत्र’ जारी करते हुए कहा, ‘अकालियों और कांग्रेस ने पंजाब के लोगों दिया क्या है? उन्होंने अपने निहित स्वार्थों के लिए राज्य को केवल लूटा है। लोगों को स्वयं को इन पार्टियों से अलग कर लेना चाहिए। नहीं तो बच्चे हमें कभी माफ नहीं करेंगे।’
उन्होंने पंजाब के अपने दौरे के आखिरी दिन एक रैली को संबोधित करते हुए जोर देकर कहा कि पंजाब 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद ‘बदलेगा।’ उन्होंने कहा कि पंजाब का भविष्य उज्ज्वल है और वह पूरे विश्व को एक दिशा दिखाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के किसान एक समय समृद्ध थे। केजरीवाल ने बादल परिवार और अमरिंदर पर पिछले 15 वर्षों में किसानों की जमीनें ‘हड़पने’ और उन्हें आत्महत्या के लिए ‘बाध्य’ करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा, ‘हम (आप) उन्हें (बादल और अमरिंदर) को अदंडित नहीं छोड़ेंगे। मैंने अब पंजाब में अपना तंबू गाड़ लिया है और राज्य बादलों को जेल भेजने के बाद ही छोड़ूंगा।’
उन्होंने राज्य के मंत्रियों तोता सिंह, आदेश प्रताप सिंह कैरों, बिक्रम सिंह मजीठिया और सुखबीर सिंह बादल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘पंजाब में सरकार बनाने के बाद हम उनके खिलाफ मामले दर्ज कराएंगे और उन्हें जेल भेजेंगे।’ आप प्रमुख ने तोता सिंह पर ‘नकली कीटनाशक बेचने’ का आरोप लगाया जिसने किसानों को आत्महत्या करने के लिए बाध्य किया। उन्होंने कैरों पर 12000 करोड़ रूपये कीमत का आनाज ‘लूटने’ और मजीठिया पर ‘मादक पदार्थ व्यापार में होने’ तथा सुखबीर पर ‘इन सबकी जानकारी’ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आप सत्ता में आने पर इन मंत्रियों की जमीन जब्त करेगी और उस पर स्कूल एवं अस्पताल बनाएगी।