आंध्र प्रदेश में स्वच्छ भारत अभियान के कार्यक्रम के दौरान उसमें हिस्सा ले रहे एक स्कूली छात्र की मौत हो गई। यह घटना वेस्ट गोदावरी के अकीवीडु मंडल के भीमवरण गांव की है जहां पर दसवीं कक्षा के छात्र के सिर पर पेड़ की टहनी गिरने के कारण गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। एक पुलिस अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 14 वर्षीय एस. साईचंद रोज की तरह ही गुरुवार को स्कूल गया था। स्कूल प्रशासन ने स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा बनते हुए शिक्षकों के नेतृत्व में छात्रों को सफाई कार्यक्रम में जोड़ने का फैसला लिया।
सफाई के दौरान साईचंद परिसर में लगे पेड़ की टहनी को नीचे खीचने की कोशिश करने लगा कि तभी वह टहनी उसके सिर पर जोर से आकर गिरी। डेक्कन हेराल्ड के अनुसार टहनी के सिर में लगने के कारण साईचंद को काफी गहरी चोट आई और उसे स्कूल प्रशासन द्वारा जल्द ही अकीवीडु के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां साईचंद की हालत और ज्यादा खराब होने लगी जिसके बाद उसे गुंटुर के सरकारी अस्पताल में शिफ्ट कराया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि साईचंद का ब्रेन डेड हो चुका था और वह कोमा में चला गया। इस घटना के एक दिन बाद शुक्रवार शाम साईचंद ने दम तोड़ दिया। साईचंद की मौत के बाद उसके परिजन स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि अगर स्कूल प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखा होता तो यह घटना नहीं घटती और आज उनका बेटा उनके साथ होता। फिलहाल साईचंद के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया जिसके बाद उसके गांव में पूरे रीति-रिवाजों के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया।