उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गांव महसोना में रविवार देर शाम दबंगों ने एक बलात्कार पीड़िता को पेड़ से बांधकर उस पर तेजाब फेंक दिया। वारदात के बाद अरोपी फरार हो गए। पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वारदात को महिला के साथ बलात्कार करने वाले आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। पीड़िता मऊ जिले की रहने वाली है। उसकी करीब ढाई साल पहले इस गांव में शादी हुई थी। पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों में दो सगे भाई हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यहां की नई मंडी चौकी इलाके के गांव महसोना में रहने वाली एक महिला के साथ बीती छह अगस्त को गांव के कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर उन्होंने महिला के साथ मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए और उसके बाद नौ अगस्त को उक्त युवकों में से एक सुरजीत ने महिला के साथ बलात्कार किया। पुलिस ने इस मामले में भी कोई कार्रवाई की। इसके बाद पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली और अदालती आदेश पर पुलिस ने आरोपी सुरजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद से आरोपी और उसके साथी पीड़िता और उसके पति पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे।
रविवार देर शाम महिला अपने पति के साथ खेत पर काम कर रही थी। उसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने पीड़िता को पेड़ से बांध कर उस पर तेजाब फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों में दो सगे भाई हैं।