जमशेदपुर के बाहरी इलाके सोमाईझोंपड़ी में एक हाथी ने एक आदिवासी महिला को कुचल कर मार डाला जबकि हाथी के हमले में महिला का पति घायल हो गया।  पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘तड़के हाथी ने एक घर पर हमला कर दिया और वहां चारपाई पर सोई 50 वर्षीय जेमा बंकिरा को कुचलकर मार डाला जबकि उसके पति राजाराम बंकिरा को घायल कर दिया।’’

इसके बाद राजाराम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।  उन्होंने बताया कि बाद में गांव वालों ने पुलिस की मदद से हाथी को नजदीक के जंगल में खदेड़ दिया। इस काम में उन्हें करीब पांच घंटे का समय लगा। गांव वालों ने मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग की है।