कोलकाता पुलिस ने कुछ दिन पहले गिरफ्तार किए गए अंसारुल्ला बांग्ला टीम (एबीटी) प्रतिबंधित आतंकी संगठन के दो आतंकियों से कथित तौर पर जुड़े एक शख्स को शुक्रवार को कोलकाता के व्यस्त सियालदह इलाके में एक सिनेमाघर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि एबीटी के दोनों आतंकवादियों शमशाद मियां और रिजाउल इस्लाम ने पुलिस को जानकारी दी थी जिसके बाद विशेष कार्य बल ने मोहम्मद सहादत हुसैन को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि सहादत की भारत-बांग्लादेश सीमा पार करने में कई अन्य लोगों की मदद करने में संदिग्ध भूमिका रही है। अधिकारी के मुताबिक, ‘‘ऐसा लगता है कि सहादत बांग्लादेश से कई लोगों की सीमा पार करने में मदद की है। वह पैसे के बदले यह सब करता था। हम उससे पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि उसने सीमापार करने में कितने लोगों की मदद की।’’ शहर की एक अदालत ने उसे पांच दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने कुछ दिन पहले ही बांग्लादेश स्थित इस्लामिक समूह अंसारुल्लाह बांग्ला टीम(एबीटी) के दो आतंकवादियों समेत तीन लोगों को कोलकाता रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया था। कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल ने तीसरे व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो एक स्थानीय हथियार तस्कर था। एबीटी को भारतीय उपमहाद्वीप में अलकायदा का एक मोर्चा माना जाता है और यह संगठन बांग्लादेश में प्रतिबंधित है। पुलिस ने कहा था कि प्रथमदृष्टया जांच से पता चला है कि अवैध रूप से आधुनिक हथियार खरीदने आए दो बांग्लादेशियों को पकड़ा गया और ये लोग यहां डेढ़ वर्षों से रह रहे थे।

