मध्यप्रदेश के डिंडोरी में एक वकील पिछले 40-45 वर्षों से कांच खा रहा है। उसका कहना है कि वह इसका आदी हो गया है। हालांकि उसने दूसरों से ऐसा नहीं करने को कहा है। उसका कहना है कि यह आदत स्वास्थ्य के लिए हानिकारक और खतरनाक है। लगातार कांच खाने की वजह से उसकी जीभ खराब हो गई है। उसने बताया कि अब उसने इसको खाना कम कर दिया है, लेकिन बंद नहीं किया। वह अब भी कांच खाता है।

दूसरों को इससे बचने को कहा : वकील का नाम दयाराम साहू है। उसने बताया कि यह काम पिछले चार दशक से कर रहा है। बचपन से ऐसा करते रहने से वह इसका आदी हो चुका है। लेकिन वह दूसरों को ऐसा करने से मना कर रहा है। उसका कहना है कि यह असामान्य हरकत है और स्वास्थ्य के लिए घातक और नुकसानदेह है।


सोशल मीडिया में मिल रही सलाह : मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि देश में मंदी है, मजबूरन उसको कांच खाना पड़ रहा है। एक अन्य यूजर ने उसको सलाह देते हुए लिखा कि उसे कांच की बजाए प्लास्टिक खाना चाहिए। वैसे अक्सर लोगों को कई तरह की लत लग जाती है। किसी को ड्रिंक लेने की लत है तो किसी को कुछ खास चीजें खाने की लत है। , लेकिन दयाराम साहू की लत अजीबोगरीब और बेहद खतरनाक है। वह कांच की बोतल और प्लेट चबा जाते हैं।

स्थानीय लोगों में चर्चित : अपनी इस आदत की वजह से वे स्थानीय लोगों में काफी चर्चित हैं। कुछ यूजरों ने लिखा चर्चा में आने के लिये लोग ऐसी हरकतें करते हैं, लेकिन दूसरों को इनसे प्रेरणा नहीं लेनी चाहिए। बहरहाल, दयाराम साहू की यह आदत अजीबोगरीब जरूर है लेकिन चार दशक से वह इसे पचा रहा है, यह भी कम हैरान करने वाली बात नहीं है। वह अब भी स्वस्थ है।