दिल्ली में एक डॉगी पर पत्थर फेंकने की वजह से युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार रात पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में हुई। उस वक्त पीड़ित युवक अपने घर लौट रहा था। रास्ते में डॉगी उस पर भौंका तो बचाव में युवक ने पत्थर फेंक दिए। यह हरकत डॉगी को मालिक को नागवार गुजरी। उसने पिस्टल से युवक पर फायर कर दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

रविवार रात हुई घटना : जानकारी के मुताबिक, वेलकम में रहने वाला अफाक इलाके में ही सिलाई का काम करता था। रविवार रात वह काम करने के बाद दुकान से घर लौट रहा था। उस दौरान एक घर में बंधा डॉगी उस पर भौंकने लगा। उसे लगा कि डॉगी काट न ले। ऐसे में उसने डॉगी पर कुछ पत्थर फेंक दिए। यह देखकर डॉगी का मालिक मेहताब नाराज हो गया। उसने अपनी पिस्टल से अफाक पर गोली चला दी।

 

आरोपी फरार : गोली लगते ही अफाक खून से लथपथ होकर गिर गया। वहीं, फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकजुट हो गए। उन्होंने घायल अफाक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी मेहताब फरार बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।