आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की घोषणापत्र समिति की अगुआई वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह करेंगे जबकि अरुण जेटली को प्रचार-प्रसार समिति का प्रमुख बनाया गया है। चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को भाजपा ने एक 20 सदस्यीय संकल्प पत्र (घोषणापत्र) समिति गठन किया है। चुनावों के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने 17 विशेष समितियां बनाई है। इन समितियों में केंद्र सरकार के मंत्रियों व भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को शामिल किया गया है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने समितियों के गठन के आदेश जारी किए। घोषणा पत्र समिति में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नकवी, शिवराज सिंह चौहान, किरण रिजीजू, सुशील मोदी, केशव प्रसाद मौर्य, अर्जुन मुंडा, राम माधव, भूपेंद्र यादव, नारायण राणे, मीनाक्षी लेखी, संजय पासवान, हरी बाबू और राजेंद्र मोहन सिंह चीमा को शामिल किया गया है।
वहीं प्रचार प्रसार समिति केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की अगुआई में काम करेगी। इसमें पीयूष गोयल, राजवर्धन राठौर, अनिल जैन, महेश शर्मा, सतीश उपाध्याय, राजीव चंद्रशेखर और ऋतुराज सिन्हा सहित आठ सदस्य शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की अगुआई में 14 सदस्यीय समिति संपर्क संबंधी कामकाज देखेगी। इसमें कैलाश विजयवर्गीय, सदानंद गौड़ा, कलराज मिश्र, शिव प्रसाद शुक्ला, विजय सांपला, एसएस आलुवालिया, बंडारू दत्तात्रेय, सरदार आरपी सिंह, मांगेराम गर्ग, एल गणेशन, लक्ष्मीकांत वाजपेयी, भूपेंद्र सिंह और मदन कौशिक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को साहित्य निर्माण समिति में शामिल किया गया है। इसमें विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रभात झा, महेश शर्मा, अनुराग ठाकुर, सुधांशु त्रिवेदी, अनिल बलूनी, विजय चौथाईवाला, अमित मालवीय, अनिर्बान गांगुली, आर बालाशंकर व शिव शक्ति को शामिल किया गया है। मीडिया के लिए बनी विशेष 17 सदस्यों की समिति में रविशंकर प्रसाद, अनिल जैन, अनिल बलूनी, संजय मयूख, शाहनवाज हुसैन, राजीव प्रताप रूडी, सुधांशु त्रिवेदी, मीनाक्षी लेखी, विजय सोनकर शास्त्री, नलिन कोहली, संबित पात्रा, जीवीएल नरसिम्हा राव व गोपाल अग्रवाल रहेंगे। इसी प्रकार प्रबुद्ध सम्मेलन समिति में प्रकाश जावड़ेकर, मुरलीधर राव, मीनाक्षी लेखी और संबित पात्रा को शामिल किया गया है।
भाजपा ने मन की बात का जिम्मा अरुण सिंह को और कमल ज्योति समिति का कामकाज अनिल जैन व नारायण लाल पंचारिया को दिया है। केंद्रीय नेतृत्व ने मेरा परिवार-भाजपा परिवार नाम से भी एक समिति बनाई है। इस समिति में अविनाश राय खन्ना, दुष्यंत गौतम, केदार जोशी और अनंत ओझा शामिल रहेंगे। जबकि साहित्य निर्माण वितरण समिति में श्याम जाजू, महेंद्र पांडे, विकास प्रीतम और वीरेंद्र जुयाल को रखा गया है। इसके लिए एक विशेष बाइक रैली समिति का भी गठन किया गया है। इसमें संजीव चौरसरिया, प्रदीप सिंह बघेला और सौरभ चौधरी शामिल रहेंगे। इसी प्रकार पार्टी ने चुनाव आयोग, कार्यालय, यातायात एवं विमानन समितियों का भी गठन किया गया है।
