राजस्थान के दो कब्रिस्तान में से किसी ने लगभग एक दर्जन शवों को निकालकर उनके सिर को धड़ से अलग करके चोरी कर लिया। इस बात से आसपास के लोगों में दहशत बनी हुई है। मामला चित्तौड़गढ़ जिले के कब्रिस्तानों का है। ये कब्रिस्तान बेगु और नंदवई में मौजूद हैं। सारी घटनाओं में दो चीज बड़ी अजीब हैं। पहला यह कि सिर काटने वाला इनको बुधवार और गुरुवार की रात के बीच ही काटकर ले जाता है। दूसरी यह कि काटे गए 7 सिरों वाले लोगों का नाम S से शुरू होते थे।

इस मामले में पुलिस का शक उन लोगों पर है जो तांत्रिक गतिविधियों में शामिल रहते हैं। वहीं आसपास के मुस्लिम लोगों को लगता है कि ऐसा दंगा करवाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसके लिए गुरुवार (2 मई) को कुछ लोगों ने रोड जाम करके धरना भी दिया।

बेगू कब्रिस्तान की देखरेख करने वाले महबूब शेख ने बताया कि उन्हें गुरुवार को इस बात के बारे में पता लगा था। उन्होंने कहा, ‘एक शख्स जिसे लगभग 50 साल की उम्र में दफनाया गया था उसकी कब्र की मिट्टी हमें उठी हुई लगी। वहां जाकर देखा तो पता लगा कि किसी ने कब्र को खोदकर उसमें से शख्स के शरीर को बाहर निकालकर सिर काट लिया है।’

मामले के सामने आने के बाद बेगू पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 295 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना), 297(दफन किए जाने वाले स्थानों पर नजर रखना) और 379 (चोरी) लगाकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।