-
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेले गए पहले टी20 मैच में जीत के साथ तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। इसी के साथ उनका 18 साल पुराना सफर थम गया। आशीष नेहरा को अपने करियर में चोटों से खूब जूझना पड़ा। 18 साल में उनकी 12 सर्जरी हुईं। उनके करियर के बारे में तो काफी कुछ सामने आ चुका है, लेकिन निजी जिंदगी की बातें कम ही लोग जानते हैं। आज हम आपको आशीष नेहरा की जिंदगी की कुछ एेसी बातें बताएंगे, जो आप नहीं जानते होंगे।
आशीष नेहरा ने साल 1999 में श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू किया था। वह उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने साल 2000 से पहले करियर शुरू किया और 2017 तक खेले। नेहरा इकलौते एेसे भारतीय क्रिकेटर हैं, जिन्होंने दो बार वनडे क्रिकेट में 6 विकेट लिए हैं। एक इंग्लैंड के खिलाफ और दूसरा श्रीलंका के। -
नेहरा ने सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 2003 के वर्ल्ड कप में किया था, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ महज 23 रन देकर 6 विकेट झटके थे।
-
2015 की इंडियन टी20 लीग में आशीष नेहरा ने 22 विकेट झटके थे। वह सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज थे। 23 विकेट के साथ भुवनेश्वर कुमार पहले पायदान पर रहे थे।
-
आशीष नेहरा ने लव मैरिज की है। उनकी प्रेम कहानी भी किसी फिल्म से कम नहीं है। साल 2002 में जब वह इंग्लैंड दौरे पर गए तो मैच के दौरान एक लड़की को देखकर दिल हार बैठे। यह लड़की कोई और नहीं बल्कि रुश्मा थीं, जो आज उनकी पत्नी हैं। इसके बाद उनमें जान-पहचान हुई और वह रोज मिलने लगे। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार हो गया। इस कपल ने 9 साल एक-दूसरे को डेट किया था।
-
एक इंटरव्यू में नेहरा ने कहा था कि 23 मार्च 2009 को जब वह एक दोस्त के साथ बैठे थे तो उन्हें अचानक लगा कि अब शादी कर लेनी चाहिए। जब उन्होंने यह रुश्मा को बताया को उन्होंने पहले इसे मजाक समझा। लेकिन अगले दिन जब नेहरा ने फिर उनसे यही बात कही तो वह 26 मार्च को अपनी मां के साथ दिल्ली आ गईं। इसके बाद 2 अप्रैल 2009 को दोनों एक दूसरे के हो गए।
-
नेहरा की शादी को 8 साल हो चुके हैं और वह अपनी पत्नी को लकी चार्म भी मानते हैं। इस कपल के दो बच्चे आरुष और अरियाना हैं।