देश के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की जिंदगी पर आधारित 'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' का ट्रेलर आज रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में मनमोहन सिंह के किरदार में अनुपम खेर नजर आ रहे हैं। 'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' फिल्म मनमोहन सिंह के पूर्व मीडिया सलाहकार संजय बारू की किताब पर बनाई गई है। फिल्म के ट्रेलर का दर्शक बेसब्री से इंतजार रहे थे। फिल्म का फर्स्ट लुक आउट होने के बाद से ही लोग फिल्म को लेकर खासा उत्साहित थे। ट्रेलर में दिखाया गया कि आखिर किस तरह कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी को साल 2004 में प्रधानमंत्री न बनाकर मनमोहन सिंह का नाम प्रस्तावित करती हैं। वहीं मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान उन पर देश के लिए काम नहीं बल्कि एक पार्टी के तौर पर काम करने का भी आरोप लगता है। आरोपों से परेशान होकर आखिरकार मनमोहन सिंह का परिवार भी उन्हें सख्त फैसला लेने के लिए कहता है। वीडियो में देखिए किस तरह से मनमोहन सिंह पार्टी के दवाब और देश के मान के लिए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने की बात सोनिया गांधी से कहते हैं। सोनिया गांधी मनमोहन सिंह की इस बात को खारिज कर देती हैं। (All Pics- Instagram) -
अनपम खेर ने हाल ही में 'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' की कुछ ताजा तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिसमें वह बिल्कुल मनमोहन सिंह के गेटअप में मैदान पर चलते दिख रहे हैं। इस तस्वीर में अक्षय खन्ना की झलक भी देखने को मिली।
-
इससे पहले 'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' के फर्स्ट लुक को शेयर करते हुए अनुपम ने बेहद प्रसन्नता जाहिर की थी और उनके लुक को देखते ही इन तस्वीरों फैंस के कमेंट आने शुरु हो गए।
अनुपम ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उनके लिए मनमोहन सिंह का किरदार अदा करना एक बड़ी चुनौती है। अनुपम का कहना है कि, "'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' में डॉ. मनमोहन सिंह जैसे समकालीन व्यक्तित्व की भूमिका निभाने का अवसर मिलना एक कलाकार के रूप में मेरे लिए बड़ी चुनौती है। वह 24/7 मीडिया युग का हिस्सा हैं, जहां दुनिया उनके व्यक्तित्व को बारीकी से जानती है।" अनुपम का लुक तो पूरी तरह से मनमोहन सिंह की तरह दिख रहा है अब देखना यह होगा कि फिल्म दर्शकों के दिलों में कितनी जगह बना पाती है। -
फिल्म में अनुपम के अलावा अक्षय खन्ना, संजय बारू के किरदार में हैं और दिव्या सेठ शाह फिल्म में मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर की भूमिका में नजर आ रही हैं।
-
फिल्म में मनमोहन सिंह से जुड़े लोगों के किरदार भी देखने को मिलेंगे, जिसमें सोनिया गांधी राहुल गांधी. प्रियंका गांधी और पूर्व राष्ट्रपति डा. अब्दुल कलाम जैसे चेहरे शामिल हैं। तस्वीर में ये किरदार भी रियल चेहरों से काफी मेल खा रहे हैं।
-
अब तक फिल्म की डेट फाइनल नहीं हुई है। यह बताया जा रहा है कि यह फिल्म मार्च 2019 में रिलीज होगी।
-
फिल्म का निर्देशन नवोदित विजय रत्नाकर गुट्टे ने किया है। हंसल मेहता इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं।