-
भारत में अकसर देखा जाता है कि परिवार में बेटा ही पिता की विरासत को आगे बढ़ाता है। फिर चाहे वह राजनीति हो या फिर व्यापार। हालांकि इस रूढ़िवादी परंपरा को कई लोगों ने तोड़ मिसाल कायम की है। देश में कई राजनेता ऐसे भी रहे जिनके बेटों के होते हुए भी बेटियों ने पिता की राजनीतिक विरासत को बखूबी संभाला और आगे बढ़ाया। आइए डालते हैं ऐसे ही चंद चर्चित नामों पर एक नजर:
-
फिल्म अभिनेता रहे सुनील दत्त ने 1984 में राजनीति में कदम रखा था। वह कांग्रेस के टिकट पर मुंबई नॉर्थ सीट से 5 बार सांसद रहे। मनमोहन सिंह की सरकार में खेल व युवा मामलों के मंत्री भी रहे।
-
सुनील दत्त के तीन बच्चे हैं। संजय दत्त, प्रिया दत्त और नम्रता दत्त। पिता की राजनीतिक विरासत को प्रिया दत्त ने आगे बढ़ाया। वह दो बार पिता के संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा पहुंचीं।
-
दिवंगत प्रमोद महाजन बीजेपी के बड़े और चर्चित नेता थे। वह लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों के सदस्य रहे थे। महाजन भी उसी लोकसभा से चुनाव लड़ते थे जहां से सुनील दत्त। 3 मई 2006 को उनका निधन हो गया था।
-
प्रमोद महाजन के दो बच्चे हैं। बेटे राहुल महाजन और बेटी पूनम महाजन। पिता की राजनीतिक विरासत को पूनम ने आगे बढ़ाया। उन्होंने मुंबई नॉर्थ सीट से दो बार प्रिया दत्त को पटखनी दी और बीजेपी के टिकट पर लोकसभा पहुंचीं।
-
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्र में गृहमंत्री रह चुके मुफ्ती मोहम्मद सईद की राजनीतिक विरासत को उनकी बेटी महबूबा मुफ्ती आगे बढ़ा रही हैं। महबूबा के दो भाई हैं लेकिन वह दोनों राजनीति से दूर रहे।
-
अपना दल के संस्थापक दिवंगत सोनेलाल पटेल के 4 बच्चे हैं। तीन बेटियां और एक बेटे। बेटे का नाम अमन पटेल है। बेटियों में अनुप्रिया पटेल ने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया।
-
अनुप्रिया पटेल पिता के संसदीय क्षेत्र मिर्जापुर से लोकसभा सांसद हैं। नरेंद्र मोदी की सरकार में वह केंद्रीय मंत्री भी हैं।
-
जवाहरलाल नेहरू की पहली कैबिनेट के सबसे युवा मंत्री रहे बाबू जगजीवन राम बड़े राजनेता थे। जगजीवन राम के नाम सबसे ज्यादा बार कैबिनेट मंत्री रहने का रिकॉर्ड है।
-
देश के उप प्रधानमंत्री रह चुके बाबू जगजीवन राम के दो बच्चे हैं। बेटे सुरेश कुमार और बेटी मीरा कुमार। यहां भी पिता की राजनीति विरासत को बेटी मीरा ने ही आगे बढ़ाया। मीरा कुमार बिहार की सासाराम से लोकसभा सांसद रही हैं। वह लोकसभा की स्पीकर भी रहीं।
