कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को यहां प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की और इसी के साथ ही राजनीतिक तौर पर अहम माने जाने वाले मालवा-निमाड़ क्षेत्र के अपने दो दिवसीय चुनावी दौरे की शुरुआत की। गांधी ने मंत्रोच्चार के बीच ऐतिहासिक महाकाल मंदिर के गर्भगृह में सफेद धोती (मंदिर में इसे शोला कहा जाता है) पहनकर ज्योतिर्लिंग की पूजा अर्चना की। कांग्रेस पार्टी की ओर से राहुल गांधी के अलावा इंदिरा और सोनिया गांधी की तस्वीरें टि्वर पर शेयर की गईं। साथ में लिखा गया कि इतिहास खुद को दोहरा रहा है। गांधी लगभग 45 मिनट तक मंदिर में रहे। राहुल गांधी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही हैं। 2019 के चुनावों में जीत के लिए पिछले काफी दिनों से राहुल गांधी भगवान के मंदिरों में भ्रमण कर रहे हैं। (All Pics- Congress @INCIndia) -
महाकालेश्वर मंदिर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मंदिर में मौजूद थे।
-
कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने बताया कि राहुल गांधी दूसरी बार महाकालेश्वर मंदिर आये हैं। इससे पहले वह वर्ष 2010 में यहां आये थे जबकि कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर वह पहली बार महाकालेश्वर मंदिर आये हैं।
-
राहुल से पहले उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1979 में उज्जैन के महाकालेश्वर के दर्शन किए थे।
-
1987 में पूर्व पीएम राजीव गांधी और 2008 में सोनिया गांधी भी उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर चुकी हैं।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की राजनीतिक में अहम माने जाने वाले मालवा- निमाड़ इलाके में विधानसभा की 66 सीटें हैं। वर्तमान में इनमें से भाजपा के पास 56 सीटें, और कांग्रेस के पास नौ सीटें हैं जबकि एक सीट निर्दलीय विधायक के कब्जे में हैं। प्रदेश विधानसभा में कुल 230 विधानसभा सीटें हैं।मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। सूत्रों ने बताया कि मंदिर के अधिकृत पुजारी पंडित धनश्याम तिवारी ने गांधी को पूजा अर्चना करवाई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की 14 जुलाई को जन आशिर्वाद यात्रा के शुभारंभ के मौके पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी अपनी उज्जैन यात्रा के दौरान यहां महाकालेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की थी।
