-
रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते का सबसे सुंदर और पवित्र पर्व है। यह भारत का एक प्रमुख त्योहार है, जो भाई-बहन के रिश्ते, प्रेम और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। इस साल रक्षाबंधन का पर्व आज यानी कि 9 अगस्त 2025, सावन पूर्णिमा के दिन मनाया जा रहा है। (Photo Source: Pexels)
-
इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, वहीं भाई बहनों की रक्षा का वचन देते हैं और उपहार भी देते हैं। भारत में यह त्योहार बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि रक्षाबंधन सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है? (Photo Source: Unsplash)
-
दुनिया के कई देशों में, जहां भारतीय मूल या हिंदू समुदाय रहते हैं, यह पर्व आज भी पूरे जोश से मनाया जाता है। दिलचस्प बात यह है कि इस पर्व को कुछ मुस्लिम बहुल देशों में भी मनाया जाता है। आइए जानते हैं भारत के अलावा किन-किन देशों में रक्षाबंधन का जश्न मनाया जाता है और वहां इसे किस तरह मनाया जाता है। (Photo Source: Pexels)
-
नेपाल
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में रक्षाबंधन को “जनै पूर्णिमा” के नाम से जाना जाता है। यहां हिंदू धर्मावलंबियों की संख्या अधिक है और भारत जैसी ही सांस्कृतिक परंपराएं देखने को मिलती हैं। इस दिन पुरुष पवित्र धागा (जनै) बदलते हैं, जबकि महिलाएं भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं। धार्मिक महत्व के कारण लोग नदियों में स्नान करते हैं और कुंभेश्वर मंदिर जैसे पवित्र स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। (Photo Source: Unsplash) -
मॉरीशस
मॉरीशस में लगभग 70% आबादी भारतीय मूल की है, जिनमें अधिकतर हिंदू हैं। यहां रक्षाबंधन को पारिवारिक और सामुदायिक दोनों स्तरों पर मनाया जाता है। बहनें भाइयों को राखी बांधती हैं, मिठाई खिलाती हैं और भाई उनकी रक्षा का वचन देते हैं। मंदिरों, स्कूलों और दफ्तरों में भी सामूहिक रक्षाबंधन समारोह आयोजित किए जाते हैं। (Photo Source: Unsplash) -
फिजी
फिजी में भी भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं, जिनमें से अधिकतर 19वीं सदी में गन्ना मजदूर के रूप में वहां बसे थे।आज भी वहां रक्षाबंधन बड़े उत्साह से मनाया जाता है। यह एक पारिवारिक आयोजन होता है जिसमें बहनें भाइयों को राखी बांधती हैं और पारंपरिक भोजन बनता है। कई सामाजिक संस्थाएं और स्कूल भी बच्चों के बीच राखी बंधन कार्यक्रम आयोजित करते हैं। (Photo Source: Pexels) -
त्रिनिडाड और टोबैगो
यहां भी भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं और अपने सांस्कृतिक त्योहारों को संजोए हुए हैं। रक्षाबंधन के दिन बहनें घर पर मिठाई बनाती हैं, भाइयों को राखी बांधती हैं और भाई उन्हें उपहार देते हैं। कई भारतीय सांस्कृतिक संगठन भी इस दिन विशेष समारोह करते हैं। (Photo Source: Pexels) -
पाकिस्तान
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में, खासकर थारपारकर और आसपास के इलाकों में हिंदू-सिंधी परिवार आज भी रक्षाबंधन की परंपरा निभाते हैं। सीमित पैमाने पर मनाए जाने के बावजूद यह त्योहार वहां के हिंदू समुदाय के लिए खास महत्व रखता है। यहां भी बहनें भाइयों को राखी बांधती हैं और भाई उनकी रक्षा का वादा करते हैं। (Photo Source: Pexels) -
बांग्लादेश
बांग्लादेश के हिंदू समुदाय में भी रक्षाबंधन का उत्सव मनाने की परंपरा है। ढाका सहित कई शहरों में मंदिरों और घरों में राखी बांधने के कार्यक्रम होते हैं। भाई-बहन के इस पवित्र बंधन को यहां भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाया जाता है। बहनें राखी बांधती हैं और भाई उपहार देकर इस रिश्ते को और मजबूत बनाते हैं। (Photo Source: Unsplash)
(यह भी पढ़ें: गुस्सा आए तो क्या करें? प्रेमानंद महाराज ने बताया अनोखा उपाय)
