-
Rajesh Khanna Shatrughan Sinha Rift: राजेश खन्ना और शत्रुघ्न सिन्हा दोनों ही बॉलीवुड के सुपरस्टार एक्टर रहे हैं। दोनों एक्टर किसी जमाने में बहुत अच्छे दोस्त हुआ करते थे। लेकिन एक वक्त ऐसा भी आया जब दोनों की दोस्ती में दरार पड़ गई। दरार भी ऐसी कि राजेश के मरते दम तक शत्रुघ्न सिन्हा वह कड़वाहट दूर नहीं कर सके। आइए जानें क्या है पूरा मामला:
-
राजेश खन्ना ने फिल्मों के साथ ही राजनीति में भी हाथ आजमाया था। वह कांग्रेस पार्टी के टिकट पर लोकसभा सांसद रह चुके थे।
-
शत्रुघ्न सिन्हा भी बीजेपी के लोकसभा सांसद रह चुके हैं। इसी राजनीति के कारण ही दोनों सुपरस्टार्स के बीच खाई पैदा हो गई थी।
-
दरअसल पूरा मामला साल 1992 के लोकसभा उप चुनावों का है। तब नई दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस ने राजेश खन्ना को अपना उम्मीदवार बनाया था।
-
उसी सीट से 1991 में बीजेपी के कद्दावर नेता लाल कृष्ण आडवाणी राजेश खन्ना के खिलाफ लड़े थे। वह चुनाव तो जीत गए थे लेकिन साल भर के अंदर ही उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था।
-
आडवाणी के सीट छोड़ने के बाद जब उपचुनाव हुआ तो बीजेपी की तरफ से शत्रुघ्न सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया।
-
हाल ही में टाइम्स ऑफ इंडिया को दिये इंटरव्यू में शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया है कि वह राजेश खन्ना के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे। लेकिन लाल कृष्ण आडवाणी के आग्रह को वह चाहकर भी टाल नहीं पाए।
-
राजेश खन्ना ने भी शत्रुघ्न सिन्हा को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। चुनाव हुआ और शत्रुघ्न हार गए।
-
इस चुनाव के बाद राजेश खन्ना शत्रुघ्न सिन्हा से नाराज हो गए। शत्रुघ्न सिन्हा के लाख मनाने पर भी वही नहीं माने।
-
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि जब साल 2012 में राजेश खन्ना अस्पताल में थे तो वह उनके पास जाकर उन्हें गले लगाकर माफी मांगना चाहते थे। लेकिन उनके ऐसा करने से पहले राजेश खन्ना ये दुनिया छोड़ गए।
-
राजेश खन्ना के निधन के साथ ये दुश्मनी तो खत्म हुई लेकिन शत्रुघ्न सिन्हा को आज भी अफसोस है कि वह अपने दोस्त को कभी वापस नहीं ला पाए।
-
All Photos: Agency and Social media
