-
Mulayam Singh Yadav Vs Mayawati: यूपी की राजनीति में मायावती और मुलायम सिंह यादव दोनों ही बहुत बड़े नाम रहे हैं। दोनों नेता राज्य के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। कभी दोनों साथ आए तो कभी दोनों के बीच ऐसी ठनी कि हर कोई देखता रह गया। 1995 का गेस्ट हाउस कांड आज तक याद किया जाता है। तब मायावती (Mayawati) ने आरोप लगाया था कि अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के पिता मुलायम सिंह ने अपने नेताओं के साथ उनपर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद एक बार दोनों नेता प्लेन में टकरा गए। जानिए फिर क्या हुआ:
-
मायावती जब आखिरी बार यूपी की सीएम बनी थीं तब पदम सिंह उनके मुख्य सुरक्षा अधिकारी हुआ करते थे। उन्होंने एनडीटीवी से बात करते हुए मुलायम और मायावती से जुड़ा एक किस्सा बताया था।
-
पदम सिंह के मुताबिक 1995 वाले गेस्ट हाउस कांड के कुछ सालों बाद लखनऊ से दिल्ली के प्लेन में मायावती और मुलायम एक दूसरे के आमने सामने पड़ गए थे।
-
सुरक्षाकर्मियों को जब पता चला कि मायावती और मुलायम की सीटें आस-पास में ही हैं तो उन लोगों के हाथ-पांव फूल गए। उन्हें कुछ सूझ नहीं रहा था कि क्या किया जाए।
-
पदम सिंह के मुताबिक उन्होंने मुलायम के निजी सचिव से इस बाबत बात की और सीट बदलने का आग्रह किया। लेकिन वह नहीं माने।
-
मुलायम सिंह यादव मायावती से पहले प्लेन में चढ़े और अपनी सीट पर बैठ अखबार पढ़ने लगे। थोड़ी देर बाद मायावती भी उनके बराबर की सीट पर आकर बैठ गईं।
-
पूरे सफर के दौरान दोनों नेताओं ने एक दूसरे की तरफ नहीं देखा। लेकिन जब प्लेन दिल्ली में लैंड किया तो सीटों के बीच वाली खाली जगह में दोनों की नजरें टकरा गईं। मुलायम ने तुरंत मायावती को हाथ जोड़ नमस्कार कहा।
-
मायावती ने भी उनका अभिवादन स्वीकार किया और उन्हें आगे चलने का आग्रह किया। इसपर मुलायम ने कहा कि आप हमसे बड़ी भी हैं और हमारी बहन जी भी हैं। पहले आप उतरिये। मायावती ने उनका आग्रह स्वीकार कर लिया।
-
पदम सिंह ने बताया कि मुलायम के उस रवैये ने हर किसी को हैरान कर दिया। पदम सिंह बताते हैं कि मुझे उस दिन समझ आया कि मुलायम बेहद समझदार और उदार दिल वाले राजनेता हैं।
-
मायावती के साथ पदम सिंह।
-
Photos: PTI
