-
देश की राजनीति में कई ऐसी महिलाएं हैं, जो हर मामले पर बेबाकी से अपनी राय रखती हैं। इनमें से ही एक हैं मेनका गांधी। मेनका गांधी परिवार से जुड़ी ऐसी सदस्य हैं जो भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं। मेनका केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री भी हैं। राजनीति में आने से पहले मेनका गांधी पत्रकारिता और मॉडलिंग की क्षेत्र में भी काम कर चुकी हैं। आगे जानिए कि मेनका गांधी की शुरुआती जिंदगी कैसी थी और वह दिग्गज कांग्रेसी नेता संजय गांधी की पत्नी कैसे बनीं।
मेनका का जन्म 26 अगस्त 1956 को दिल्ली के एक सिख परिवार में हुआ था। उनके पिता तरलोचन सिंह आनंद इंडियन आर्मी में ऑफिसर थे। दिल्ली के लॉरेंस स्कूल से पढ़ीं मेनका ने लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। अपने कॉलेज के दिनों में मेनका ने मॉडलिंग में अपना करियर बनाने का सोचा था। वह 17 साल की उम्र में पहली बार बॉम्बे डाइंग के विज्ञापन में दिखी थीं। मेनका कॉलेज में होने वाले ब्यूटी कॉन्टेस्ट की भी विजेता बनीं। कहा जाता है कि एक विज्ञापन में मेनका गांधी की तस्वीर देखकर संजय गांधी उनके कायल हो गए और उनसे मुलाकात करने का फैसला किया। मेनका और संजय की पहली मुलाकात 14 दिसंबर 1973 को एक पार्टी में हुई थी। यह पार्टी मेनका के अंकल मेजर जनरल कपूर ने अपने बेटे वीनू की शादी के दौरान रखी थी। वीनू और संजय स्कूल फ्रेंड थे। संजय ने 1974 में मेनका को सफदरजंग रोड पर स्थित पर अपने घर खाने पर बुलाया। इस दौरान मेनका इंदिरा गांधी से काफी डरी हुई थीं, क्योंकि वह देश की सत्ता संभाल रही थीं। मेनका को समझ नहीं आ रहा था कि कैसे बात शुरू की जाए। तभी इंदिरा गांधी ने खुद मेनका से उनका हालचाल लिया और उनके करियर के बारे में पूछा। -
इंदिरा गांधी को यह मालूम चल चुका था कि संजय मेनका को पसंद करते हैं। इंदिरा को इस रिश्ते को लेकर कोई ऐतराज नहीं था। 29 जुलाई 1974 को मेनका और संजय गांधी ने दोनों परिवारों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री निवास पर सगाई कर ली। सगाई के बाद संजय गांधी का एक ऑपरेशन हुआ था। इसके कुछ हफ्तों बाद संजय और मेनका ने 23 सितंबर 1974 को शादी की। शादी में इंदिरा गांधी ने मेनका को बहुत से तोहफे दिए। इसमें एक खादी की साड़ी भी थी, जो उनके पिता जवाहरलाल नेहरू ने जेल में रहते हुए बनाई थी।
-
13 मार्च 1980 को दोनों एक बच्चे के माता-पिता बने। उन्होंने बेटे का नाम वरुण गांधी रखा। वरुण के जन्म के तीन माह बाद ही उनके पिता संजय गांधी का एयरक्राफ्ट क्रैश में निधन हो गया।
-
फिलहाल मेनका गांधी महिला एवं बाल विकास मंत्री हैं। इसके अलावा वह पशुओं के अधिकारों के लिए कार्य करती हैं।
