-
बॉलीवुड के सुपरस्टार रहे दिवंगत राजेश खन्ना का बंगला ‘आशीर्वाद’ तोड़ा जा रहा है। यह बंगला जल्द ही मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के रूप में नजर आएगा। पिछले साल इस बंगले को मेंगलुरु के बिजनेसमैन शशि किरण शेट्टी ने खरीदा था।
बंगला खरीदने वाले शशि किरण शेट्टी ने बांद्रा की इस प्रॉपर्टी को पिछले साल अगस्त में 95 करोड़ रुपए में खरीदा था। ‘आर्शीवाद’ 6,500 वर्ग फीट में फैला है। शेट्टी का कहना है कि यह बंगला 50 साल से ज्यादा पुराना है, इसलिए जरूरी है कि यहां नई बिल्डिंग बनाई जाए। -
शेट्टी ने बताया कि नई बिल्डिंग तीन या चार मंजिला होगी और वह करीब 18 महीने में यहां शिफ्ट होंगे। एक या दो महीने में कंस्ट्रक्शन प्रोसेस शुरू हो जाएगी।
-
आशीर्वाद को सबसे पहले स्वर्गीय अभिनेता राजेंद्र कुमार ने खरीदा था। उन्होंने इसकी कीमत मात्र 60 हजार रुपए चुकाई थी। तब इस बंगले का नाम 'डिंपल' था। बाद में उन्होंने इसे 3.5 लाख रुपए में राजेश खन्ना को बेच दिया था।
-
राजेंद्र कुमार के लिए यह बंगला अनलकी साबित हुआ था। यहां आने के बाद उनकी फिल्में फ्लॉप होने लगी थीं। राजेश खन्ना ने इसे खरीदने के बाद इसका नाम बदलकर 'आशीर्वाद' रखा और यहां आने के बाद उन्होंने लगातार 15 हिट फिल्में दीं। यह बंगला उनके लिए बहुत लकी साबित हुआ।
-
‘काका’ के नाम से मशहूर राजेश खन्ना ने डिंपल कपाड़िया से शादी करने से पहले यह बंगला खरीदा था।
-
राजेश खन्ना की दोस्त अनिता आडवाणी ने उनकी मौत के बाद इसे बेचे जाने का विरोध किया था। तब उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि यह वाकई बहुत शॉकिंग हैं। जब काका थे, तब हम हर साल इस घर में गणेशजी की स्थापना किया करते थे और इसे बेचकर वे सभी यादें मिटा रहे हैं। उनकी नजरों में काका का कोई सम्मान नहीं है।
