पूर्व क्रिकेटर और पाकिस्तान की तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान ने एक बार फिर गुप्त तरीके से शादी कर ली है। इमरान की नई बेगम बुशरा एक आध्यात्मिक गुरु हैं। उनके पास वह अध्यात्म की सीख लेने के लिए जाया करते थे। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, इमरान ने 1 जनवरी की रात लाहौर में शादी की। हाल ही में इमरान की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। गौरतलब है कि साल की साल की शुरुआत में ही इमरान की तीसरी शादी की खबरें काफी वायरल हो रही थीं, लेकिन उस वक्त उन्होंने इस खबर का खंडन किया था। इतना ही नहीं, इमरान की पार्टी के सचिव ऑन चौधरी और पार्टी के प्रवक्ता नईमुल हक ने भी पार्टी प्रमुख की शादी की बात से इनकार किया। लेकिन इमरान के तीसरे निकाह की तस्वीरें नई दुल्हन के साथ सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि इमरान का तीसरा निकाह भी उन्हीं मुफ्ती ने पढ़ा है, जिन्होंने उनकी 2 साल पहले हुई दूसरी शादी कराई थी। हालांकि, मुफ्ती से जब इस बारे में मीडिया ने पूछा तो उन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया। निकाह पढ़वाने वाले मुफ्ती सईद पार्टी की कोर कमेटी के नेता हैं। 1 जनवरी को शादी करने के बाद इमरान अगले दिन सीधे इस्लामाबाद की आतंकवाद विरोधी अदालत में हाजिर हुए थे, जहां उन्हें 2014 के एक मामले में भी जमानत मिल गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लाहौर की डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी के सेक्टर वाई में इमरान ने शादी रचाई। शादी इमरान के दोस्त और उनकी तीसरी पत्नी के विश्वासपात्र के घर पर हुई। इमरान की नई पत्नी गुलबर्ग 3 में रहती हैं। बुशरा ने कुछ महीने पहले अपनी पहली शादी तोड़ दी थी। उनके पूर्व पति ने बताया कि आध्यात्मिक कारणों के चलते शादी खत्म कर दी थी। इमरान कुछ वर्ष पहले बुशरा के संपर्क में आए थे। धीरे-धीरे दोनों में संबंध इतना गहरा हो गया कि बात शादी तक पहुंच गई। इमरान ने पहली बार 15 मई 1995 को जेमिमा खान से शादी की थी। 22 जून 2004 में जेमिमा से उनका तलाक हो गया था। जेमिमा खान से इमरान का एक बेटा भी है। -
जेमिमा से तलाक के बाद इमरान ने टीवी एंकर रेहम खान से 8 जनवरी 2015 को शादी कर ली थी। यह शादी नौ महीने ही चल पाई थी।