-
Elections 2019: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और बहनोई राबर्ट वाड्रा की मौजूदगी में अमेठी के जिला कलेक्ट्रेट में बुधवार (10 अप्रैल) को नामांकन पत्र भरा। कांग्रेस अध्यक्ष ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले मुंशीगंज से गौरीगंज तक तीन किलोमीटर का रोड शो किया। गांधी के अमेठी लोकसभा सीट के लिए नामांकन पत्र भरने के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के लिए संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी भी अमेठी पहुंचीं। सोनिया गांधी रोड शो में शामिल नहीं हुई लेकिन वह राहुल के नामांकन के समय मौजूद थीं। मुंशीगंज से शुरू हुए रोड शो में सड़क किनारे कांग्रेस समर्थकों की भारी भीड़ जमा थी। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लिये हुये थे और राहुल गांधी के फोटो वाली टीशर्ट एवं तिरंगे की टोपी भी पहने थे। (All Pics- PTI/Instagram)
-
राहुल के काफिले पर जगह जगह लोगों ने फूलों की बारिश की। भारी गर्मी में भी कार्यकर्ताओं का लंबा जुलूस राहुल के काफिले के साथ साथ चल रहा है। रोड शो के रास्ते पर दोनों ओर कांग्रेस के झंडे और पोस्टर लगे थे, जिनमें राहुल और प्रियंका की तस्वीरें थीं। कुछ बैनरों में लिखा था, ''विकास की आंधी प्रियंका गांधी'', 'अमेठी का सांसद, देश का प्रधानमंत्री'।
रोड शो में कांग्रेस अध्यक्ष के साथ उनके वाहन पर बहन प्रियंका गांधी, बहनोई राबर्ट वाड्रा और उनके दो बच्चे भी दिखाई दिए, जिन्हें आप प्रियंका और राहुल के पीछे खड़ा देख सकते हैं। पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमेठी में कहा कि, अमेठी उनके पिता राजीव गांधी की कर्मभूमि थी और पूरे परिवार के लिए पवित्र भूमि है। हाल ही में प्रियंका ने ट्वीटर पर एक तस्वीर पोस्ट कर लिखा, ''कुछ रिश्ते दिल के होते हैं। आज भाई के नामांकन के लिए पूरा परिवार मौजूद था। मेरे पिता की यह कर्मभूमि थी, हमारे लिए पवित्र भूमि है।'' -
बता दें कि अमेठी में राहुल गांधी का मुकाबला भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से है। वह इससे पहले केरल के वायनाड से भी नामांकन दाखिल कर चुके हैं। वह तीन बार से अमेठी से लोकसभा सदस्य हैं।
2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा की स्मृति ईरानी को एक लाख से अधिक वोटों से हराया था। भाजपा प्रत्याशी ईरानी गुरूवार को अमेठी से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वहीं संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी भी रायबरेली से कल नामांकन दाखिल करेंगी। अमेठी में पांचवें चरण में छह अप्रैल को वोट डाले जायेंगे। (फोटो- इंस्टाग्राम) -
अमेठी में रोड शो के दौरान अपने दोनों बच्चों संग सेल्फी लेतीं प्रियंका गांधी। (फोटो-इंस्टाग्राम)
-
अमेठी में नामांकन पत्र को पढ़ते राहुल गांधी। साथ में बहन प्रियंका, मां सोनिया और बहनोई राबर्ट वाड्रा। (फोटो-फेसबुक)
-
नामांकन पत्र जमा करते कांग्रेस अध्यक्ष। (फोटो-फेसबुक)
