-

Elections 2019: देश में आम चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों के लिए सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। कहा जाता है कि सत्ता की चाभी उत्तर प्रदेश से होकर ही जाती है। 2014 के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में बीजेपी की लहर थी। 2014 में बीजेपी को यूपी में 71 सीटें मिली थीं और उसकी सहयोगी अपना दल को 2 सीटें जबकि एसपी को सिर्फ 5 और कांग्रेस को 2 सीटों से संतोष करना पड़ा था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2019 के चुनाव में बीजेपी को यहां से सीटों का नुकसान हो सकता है। तमाम ओपिनियन पोल में भी बीजेपी की सीटें कम होने के संकेत दिये जा रहे हैं। दरअसल इस बार यूपी में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रही है। दोनों के गठबंधन से बीजेपी के साथ कांग्रेस का भी समीकरण बिगड़ सकता है। इन चुनावों में यूपी की 80 सीटों में से 5 पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इनमें नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी है तो आजमगढ़ भी है जहां से इस बार अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। इन दोनो के साथ अमेठी और रायबरेली पर भी मुकाबला रोचक हो सकता है। ये दोनों ही सीटें पिछले काफी समय से कांग्रेस के खाते में है। रायबरेली से जहां सोनिया गांधी चुनाव लड़ती हैं तो वहीं अमेठी से राहुल गांधी। 2014 के चुनाव में बीजेपी की स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को कड़ी टक्कर दी थी। इस बार भी मुकाबला कांटे का बताया जा रहा है। इन सबके अलावा गोरखपुर सीट पर भी इस बार मजेदार मुकाबला होगा। ये सीट लंबे समय से बीजेपी के पास ही रही है। 2014 में यहां से योगी आदित्य नाथ जीते थे। 2018 में हुए उपचुनाव में बीजेपी को झटका लगा था। यहां से सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी प्रवीण निषाद ने विजय हासिल की। अब प्रवीण निषाद बीजेपी के पाले में चले गए हैं।
-
वाराणसी से पीएम मोदी एक बार फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि यहां से पीएम दोबारा जीत सकते हैं।
-
रायबरेली से सोनिया गांधी फिर से मैदान में हैं। माना जा रहा है कि यहां से सोनिया गांधी आखिरी बार चुनाव लड़ रही हैं।
-
राहुल गांधी को 2014 में स्मृति ईरानी ने कड़ी टक्कर दी थी। इस बार भी कांग्रेस अध्यक्ष का मुकाबला बीजेपी की स्मृति ईरानी से है।
-
आजमगढ़ में अखिलेश यादव का मुकाबला भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव से है। दिनेश लाल यादव बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे।
-
सपा-बसपा गठबंधन से जीते हुए प्रत्याशी प्रवीन निषाद ने बीजेपी का दामन थाम टक्कर को मजेदार बना दिया है।