-
50-60 के दशक की मशहूर अदाकारा निम्मी (Nimmi) का बुधवार (25, मार्च) की शाम को निधन हो गया। 88 साल की निम्मी काफी लंबे वक्त से बीमार चल रही थीं। मुंबई में सांताक्रूज के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में निम्मी ने अपनी अंतिम सांस ली। निम्मी के निधन से बॉलीवुड में दुख का माहौल है। तमाम कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से दिवंगत निम्मी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
-
निम्मी का जन्म 18 फरवरी, 1933 को आगरा में हुआ था। उनका असल नाम नवाब बानू था। राजकपूर ने उन्हें निम्मी नाम दिया था।
-
निम्मी को अभिनय के गुण विरासत में मिले। उनकी मां वहीदन अपने जमाने की जानी-मानी गायिका और अभिनेत्री थी। वहीं उनके पिता भारतीय सेना में कार्यरत थे।
-
निम्मी का नाम उनके जमाने की सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में शुमार था। निम्मी ने महज 16 की उम्र में ही बॉलीवुड की राह पकड़ ली थी।
-
निम्मी ने उस समय के स्क्रीनराइटर एस अली रजा से निकाह किया था। अली रजा का 2007 में इंतकाल हो चुका है। शादी के बाद निम्मी को पैसा, शोहरत, प्यार सब मिला। बस उन्हें संतान का सुख नहीं मिल पा रहा था।
-
तमाम कोशिशों के बाद भी निम्मी की गोद सूनी ही रही। निम्मी के दुख को देखते हुए उनके पति अली रजा ने सुझाव दिया कि क्यों ना कोई बच्चा गोद ले लें।
-
पति की बातों से निम्मी को भी आशा की एक किरण दिखी। निम्मी ने अपने सपनों में रंग भरने के लिए अपनी बहन के बेटे को गोद ले लिया। पति की मौत के बाद उनका बेटा ही उनकी देखभाल करता आया।