-
Amar Singh Mukesh Ambani: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे पूर्व राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने साल 2020 में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अमर सिंह अपने जीवन के आखिरी के तीन दशक में काफी चर्चित रहे। राजनीति हो या फिर उद्योग जगत, हर जगह अमर सिंह का नाम सुर्खियों में रहा। अमर सिंह अपने दोस्तों और दुश्मनों को लेकर भी खबरों में बने रहते थे। अपनी दोस्ती के कारण ही एक बार उन्होंने रिलायंस (Reliance) इंडस्ट्रीज के चीफ मुकेश अंबानी से सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांगनी पड़ी थी।
-
अमर सिंह के रिलायंस के संस्थापक धीरू भाई अंबानी के साथ काफी अच्छे संबंध थे। धीरू भाई के निधन के बाद उनके छोटे बेटे अनिल अंबानी की अमर सिंह से नजदीकियां बढ़ गईं।
-
अनिल अंबानी को अमर सिंह ने राज्यसभा सांसद भी बनवाया था। लेकिन यही वह दौर था जब अनिल अंबानी के अपने बड़े भाई मुकेश अंबानी से रिश्ते बिगड़ने लगे।
-
अंबानी बंधुओं में मतभेद के पीछे अमर सिंह को कारण बताया जाने लगा। तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में इस तरह की बातें भी छपती थीं।
-
कुछ समय बाद अनिल अंबानी ने भी अमर सिंह से रिश्ता तोड़ लिया औऱ अपने भाई के करीब हो गए। इस बाबत अमर सिंह से एक इंटरव्यू में सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि मुझसे गलती हो गई थी।
-
अमर सिंह ने कहा था कि धीरू भाई के करीब रहे प्रमोद महाजन और प्रणब मुखर्जी दोनों लोगों ने उनसे कहा था कि आपको मुकेश और अनिल दोनों को समान प्यार और साथ देना चाहिए, लेकिन मैंने उनकी बात नहीं मानी।
-
बकौल अमर सिंह उन्होंने इसके लिए मुकेश अंबानी से सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांगी थी। अमर सिंह ने बताया कि एक बार चेन्नई में किसी प्राइवेट फंक्शन में वह मुकेश अंबानी के साथ तीन दिनों तक रहे। वहां भी उन्होंने मुकेश अंबानी से माफी मांगते हुए कहा था कि मुझसे गलती हो गई..माफ कर दीजिए।
-
अंबानी वाले प्रकरण से सीख लेते हुए अमर सिंह ने इंटरव्यू में कहा था कि कभी भी दो भाइयों के झगड़े में नहीं पड़ना चाहिए। क्योंकि बाद में दोनों एक हो जाते हैं औऱ फिर आपको ही मारने दौड़ पड़ते हैं। (Photos: Indian Express Archives And Social Media)