
Lok Sabha Elections Results 2019: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा प्रमुख अमित शाह ने लोकसभा चुनाव में पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मिले प्रचंड बहुमत के एक दिन बाद शुक्रवार (24 मई) को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की। इस बात की जानकारी खुद मोदी ने ट्वीट कर दी। पीएम मोदी ने अपने ट्विटर पर लिखा, ''आदरणीय आडवाणी जी से मुलाकात की। भाजपा की सफलता आज इसलिए संभव हो पाई क्योंकि उनके जैसे महान नेताओं ने पार्टी निर्माण में दशकों बिताए और लोगों को नई विचारधारा दी।'' उन्होंने इस मुलाकात की एक तस्वीर भी साझा की। मोदी और शाह ने बाद में जोशी से मुलाकात की। जोशी से मुलाकात के बाद फिर मोदी ने ट्वीट किया, ''डॉ. मुरली मनोहर जोशी एक विद्वान और बुद्धिजीवी हैं। भारतीय शिक्षा में सुधार की दिशा में उनका योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने भाजपा को मजबूत करने के लिए हमेशा काम किया और मेरे समेत कई कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उनसे आज (शुक्रवार) सुबह मुलाकात की और उनका आशीर्वाद मांगा।'' (Photo- PTI) -
तस्वीर में मोदी, आडवाणी जी को चरण स्पर्श करते दिख रहे हैं।
-
मुरली मनोहर जोशी को पीएम ने गले लगाया। मोदी से मुलाकात के बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने कहा, 'हमने पार्टी बनाई, नींव का पत्थर रखा, जो पेड़ लगाया था उसमें अब फल लग रहे हैं, अब उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है, एक बात साफ है कि देश के पास विकल्प था.. मजबूत सरकार बनाने के लिए बीजेपी और मोदी के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं था। विपक्ष कथा नहीं लिख पाया..मेरी सिर्फ एक ही उम्मीद है कि पार्टी अपनी क्षमताओं का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए काम करके दिखाएगी।'
-
मोदी की 2019 के लोकसभा चुनावों की जीत 2014 से भी बड़ी है, जिसने 300 का आंकड़ा पार कर लिया है। बीजेपी ने अकेले दम पर 303 और एनडीए ने 352 सीटें अपने नाम की हैं।
-
मुरली मनोहर जोशी के घर पीएम मोदी और अमित शाह।
-
मोदी के अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी मुलाकात की तस्वीर शेयर कर ट्वीट किया। शाह ने ट्वीट कर लिखा, ''मुरली मनोहर जोशी जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन भाजपा के विस्तार और देश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में समर्पित किया है। आज जोशी जी से भेंट कर आशीर्वाद लिया।'' तस्वीर में मुरली मनोहर जोशी पीएम मोदी को मिठाई खिला रहे हैं।

शाह ने एक आडवाणी जी के साथ भी एक तस्वीर शेयर की। शाह ने लिखा भाजपा की प्रचंड विजय पर आज प्रधानमंत्री मोदी जी के साथ लालकृष्ण आडवाणी जी से भेंट कर आशीर्वाद लिया। संगठन के लिए आडवाणी जी का तप और परिश्रम हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।