-
भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव भी जल्दी ही चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। खेसारी लाल यादव बिहार के महाराजगंज संसदीय सीट से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में ताल ठोकते नजर आ सकते हैं। ऐसी खबरें है कि खेसारी लाल यादव राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं लेकिन अगर उन्हें राजद ने टिकट नहीं दिया तो वो निर्दलीय ही चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि खेसारी लाल यादव पहले भोजपुरी स्टार नहीं हैं जिन्होंने चुनाव में कूदने की बात कही है। इससे पहले भी कई भोजपुरी सुपरस्टार चुनाव लड़ चुके हैं।
-
मनोज तिवारी ने 2009 में सपा की टिकट पर किस्मत आजमाया था लेकिन वो हार गए थे। लेकिन 2014 में वो भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते और अभी वो दिल्ली भाजपा अध्यक्ष भी हैं।
-
दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' का भी सियासत कनेक्शन है। भोजपुरी फिल्मों का यह सुपर स्टार समाजवादी पार्टी से जुड़ा हुआ है। ऐसी चर्चा है कि निरहुआ को सपा आगामी लोकसभा चुनाव में गाजीपुर सीट से पार्टी प्रत्याशी बना सकती है।
-
मशहूर अभिनेता और सिंगर पवन सिंह भी भोजपुरी के अलावा सियासी पिच पर भी खेलते हैं। पवन सिंह ने भाजपा ज्वायन कर लिया है। बिहार के पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी के लिए प्रचार भी किया था। चर्चा है कि इस बार उन्हें टिकट मिल सकता है।
-
भोजपुरी स्टार रवि किशन राजनीति में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। रवि किशन ने कांग्रेस पार्टी ज्वायन किया था। उन्होंने यूपी के जौनपुर से चुनाव लड़ा था लेकिन वो हार गए थे। इसके बाद वो बीजेपी में शामिल हो गए।
-
भोजपुरी अभिनेता, लेखक और संगीतकार विनय बिहारी भी राजनीति से जुड़े हुए हैं। विनय बिहारी नीतीश और जीतन राम मांझी सरकार में मंत्री भी रहे हैं और फिलहाल वह भाजपा के टिकट पर विधायक हैं।
-
भोजपुरी जगत की लोकप्रिय गायिका कल्पना पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। अभी वो पार्टी की कार्यकर्ता हैं।
-
भोजपुरी के दिग्गज कलाकार कुणाल सिंह पटना साहिब से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं पर शत्रुघ्न सिन्हा से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
