-
दिल्ली महिला आयोग (DCW) की चेयरमैन स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) ने पति नवीन जय हिंद से तलाक ले लिया है। स्वाति मालीवाल ने कुद इस बात की जानकारी ट्वीट कर दी है। स्वाति मालीवाल अपने तलाक की जानकारी देते हुए भावुक दिखीं। उन्होंने लिखा कि यह उनके लिए बेहद दुखद घड़ी है।
-
स्वाति मालीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'जिस वक्त आपकी परियों की कहानियां खत्म हो जाएं, वह बहुत दर्दनाक होता है। मेरा खत्म हो गईं। मैंने और नवीन ने तलाक ले लिया। कई बार शानदार लोग भी साथ नहीं रह पाते हैं। उन्हें और भविष्य में उनके साथ जो जिंदगी होती, उसे मिस करूंगी।'
-
स्वाति ने आगे लिखा- हर दिन ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वो हमें और हमारे जैसे लोगों को यह पीड़ा सहने की ताकत दें।
-
नवीन जयहिंद आम आदमी पार्टी की हरियाणा यूनिट के अध्यक्ष हैं। उन्हें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का करीबी माना जाता है। अन्ना हजारे के इंडिया अगेंस्ट करप्शन मूवमेंट से ही नवीन और अरविंद साथ में काम कर रहे हैं।
-
स्वाति मालीवाल भी आम आदमी पार्टी की करीबी हैं। AAP सरकार ने ही उन्हें दिल्ली महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था।
-
स्वाति मालीवाल ने जब बलात्कारियों को फांसी देने की मांग पर पिछले साल दिसंबर महीने में आमरण अनशन किया था जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। तब नवीन जयहिंद ने स्वाति को शेरनी और मर्दानी बताया था। नवीन का ये ट्वीट काफी चर्चा में रहा था।