-
बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन ने आज केरल में शादी रचा ली। इस बात की जानकारी मेनन ने सोशल मीडिया पर दी और अपनी शादी की तस्वीरें भी शेयर की हैं। शादी में मेनन के परिवार के खास लोग मौजूद थे।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन शुक्रवार को केरल में शादी के बंधन में बंध गए। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर कर दी है। -
उन्होंने अपनी शादी की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा पितरों के आशीर्वाद से केरल के गुरुवायुर मंदिर में भगवान गुरुवायुर अप्पन को साक्षी मानकर आज गृहस्थ जीवन में प्रवेश कर लिया है। इस मौक़े पर मैं आप सभी महानुभावों के स्नेह व आशीर्वाद का भी आकांक्षी रहूंगा।
आरएसएस की पृष्ठभूमि से आने वाले मेनन ने मध्यप्रदेश में 15 साल संगठन में काम किया है। उन्हें संगठन महामंत्री पद से साल 2016 में कार्यमुक्त किया गया था। संघ में कार्य करते हुए उन्हें संगठन में काम करने का अच्छा अनुभव भी है। मूलत: केरल के रहने वाले अरविंद मेनन की शुरुआती परवरिश यूपी के वाराणासी में हुई है। भाजपा ने उन्हें संगठन की गतिविधियों को देखने और पार्टी को विस्तार देने के लिए 2003 में इंदौर भेजा था। साल 2002-03 में इंदौर में बतौर संगठन में पदाधिकारी के रुप में कार्य किया। वहीं 2006 में मेनन को प्रदेश के महाकौशल प्रांत का सह संगठन मंत्री भी बनाया गया था। इसके चार साल बाद 2010-11 में माखन सिंह को हटाकर मेनन को मप्र संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दे दी गई थी। मेनन ने करीब 13 साल संगठन का काम किया। मेनन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी माने जाते हैं। (All Images: Facebook)
