-
टीवी पर आने वाले धारावाहिकों में इन दिनों सुपरनैचुरल और जानवरों के इंसानी रूप के प्लॉट चल रहे हैं। एक धारावाहिक में नायिका जहां मक्खी बन गई है तो वहीं एक अन्य में नागिन बनने वाली एक्ट्रेस अब देवी काली के रूप में नजर आएंगी। दिलचस्प बात है कि ये बदलाव लोगों को पसंद भी आ रहे हैं। ये दोनों सीरियल टीआरपी में टॉप पर हैं। आइए जानते हैं कि टीवी पर दिखाए जाने वाले ऐसे ही बेसिर-पैर के लेकिन दर्शकों को लुभाने वाले प्लॉट्स के बारे में:
-
ससुराल सिमर का: कलर्स के इस शो का आधार एक लड़की का डांस के प्रति लगाव और संघर्ष था। लेकिन कहानी इस तरह से घूमती रही कि थीम न जाने कहां रह गई और उसमें कालाजादू, डायन जैसे कथानक शामिल हो गए। यहां तक कि नायिका के घर में शैतान भी आ जाता है। नायिका पाताल लोक में भी चली जाती है। अब वह मक्खी बनकर अपने घर में आई है। वैसे याद दिला दे मक्खी नाम से साउथ की एक फिल्म भी थी, जिसमें बदला दिखाया गया था। देखना दिलचस्प होगा सिमर का अगला अवतार क्या होगा।
-
-
साथ निभाना साथिया: स्टार प्लस पर आने वाले इस शो का 2010 में एक वीडियो काफी वायरल हुआ था। इसमें नायिका अपने पति का लैपटॉप धोती नजर आती है। वह उस पर साबुन लगाती है, धोती है और फिर सुखाने के लिए डाल देती है। यह वीडियो काफी मशहूर हुआ था।
-
-
काला टीका: जीटीवी पर ही आने वाला एक और शो। इसकी कहानी इस प्रकार है, झा परिवार को शाप लगा हुआ है। बेटी गौरी को बचाने के लिए पिता कोई कसर नहीं छोड़ते। गौरी को शाप से बचाने के लिए वे काला टीका लाते है। ये काला टीका एक लड़की है। उसे काले कपड़े पहनाए जाते हैं और बुरी ताकतों को दूर रखने के लिए उसे गौरी के साथ ही रखा जाता है।
-
नागिन: कलर्स का यह शो इस समय सर्वाधिक पसंद किए जाने वाला शो है। नागिन के बदले पर आधारित इस शो में सब कुछ है। नागमणि, बदला, पुनर्जन्म, नागिन और सांपों का दुश्मन नेवला। नागिन के किरदार में नजर आ रही मॉनी रॉय आने वाले दिनों में देवी काली के रूप में नजर आएंगी।
-
कबूल है: जीटीवी का यह शो मुस्लिम परिवार पर आधारित था। इसका उद्देश्य लव स्टोरी के जरिए इस्लाम में मौजूद रूढि़वाद को दिखाया जाना था। लेकिन 25 साल के लीप के बाद यह वैंपायर शो में बदल गया।
