-
वरिष्ठ अभिनेता-फिल्मकार शशि कपूर ने रविवार को प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार ग्रहण किया। यहां ऐतिहासिक पृथ्वी थिएटर में केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अरुण जेटली ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा। (फोटो: अमित चक्रवर्ती)
-
दिवंगत राजकपूर और शम्मी कपूर के छोटे भाई शशि अपनी बीमारी की वजह से तीन मई को हुए पुरस्कार वितरण समारोह में दिल्ली नहीं जा सके थे। इसलिए जेटली ने मुंबई आकर उन्हें यह पुरस्कार दिया। (फोटो: अमित चक्रवर्ती)
-
कपूर को सम्मान दिए जाने के बाद जेटली ने कहा-यह एक अहम पल है जब हमारे एक वरिष्ठ अभिनेता को इस पुरस्कार से नवाजा जा रहा है। यह शशि कपूर को दिया जा रहा है। वे निश्चित रूप से भारतीय सिनेमा के ऐसे बहुआयामी व्यक्तित्व हैं जो कभी-कभी जन्म लेता है। एक अभिनेता के साथ वे एक अच्छे निर्माता और निर्देशक भी हैं। हम उन्हें यहां उनके स्थापित संस्थान में सम्मानित कर रहे हैं। (फोटो: अमित चक्रवर्ती)
-
शशि कपूर (77) अपने परिवार के तीसरे सदस्य हैं जिन्हें इस पुरस्कार से नवाजा गया है। इससे पहले उनके पिता पृथ्वीराज कपूर और बड़े भाई राज कपूर को इस सम्मान से नवाजा जा चुका है। (फोटो: अमित चक्रवर्ती)
-
जेटली ने कहा-अगर इसी तरह की प्रतिभा कपूर परिवार से आती रही तो मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि यह उनके परिवार के लिए आखिरी पुरस्कार नहीं होगा। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं। (फोटो: अमित चक्रवर्ती)
-
काले लिबास पर एक नारंगी शाल ओढ़े शशि ने पृथ्वी थिएटर में वीलचेयर पर प्रवेश किया। जेटली ने उन्हें प्रमाणपत्र, शाल, पदक और चेक दिया। पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कपूर ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का नमस्ते कर अभिवादन किया। (फोटो: अमित चक्रवर्ती)
-
पृथ्वी थिएटर की स्थापना शशि ने अपने पिता की याद में की थी, जो फिलहाल उनकी बेटी संजना की देखरेख में फल-फूल रहा है। शशि का जन्म 18 मार्च 1938 को पृथ्वीराज कपूर के यहां हुआ था। चार साल की उम्र से ही वे अपने पिता के निर्देशन में बनने वाले नाटकों में काम करने लगे थे। (फोटो: अमित चक्रवर्ती)
-
उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 40 के दशक के उत्तरार्द्ध में बाल कलाकार के रूप में की थी। बाल कलाकार के तौर पर उन्होंने ‘आग’ और ‘आवारा’ में काम किया था जहां उन्होंने राज कपूर के बचपन का किरदार अदा किया था। शशि ने 1950 के दशक में सहायक निर्देशक के तौर पर भी काम करना शुरू किया। (फोटो: अमित चक्रवर्ती)
-
कपूर ने फिल्मों में नायक के रूप में पदार्पण 1961 में फिल्म ‘धर्मपुत्र’ से किया था और अब तक वे 116 से भी ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। ‘नमक हलाल’, ‘दीवार’, ‘कभी कभी’ और ‘काला पत्थर’ उनकी काफी सराही गई फिल्में हैं। वर्तमान में वे गुर्दे की बीमारी से पीड़ित हैं जिस वजह से वीलचेयर पर रहते हैं। साल 2011 में उन्हें पद्म भूषण से नवाजा गया था। (फोटो: अमित चक्रवर्ती)
