-

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी का शनिवार रात (24 फरवरी) निधन हो गया। वह 54 साल की थीं और दुबई में पति और बेटी संग भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शिकरत करने पहुंची थीं। कार्डियक अरेस्ट के चलते यहां उन्होंने अपनी अंतिम सांसें लीं। श्रीदेवी के अकस्मात निधन से उनका पूरा परिवार और बॉलीवुड जगत सदमे में है। बता दें कि श्रीदेवी ने फिल्म प्रड्यूसर बोनी कपूर से साल 1996 में शादी की थी, जिनसे उन्हें दो बेटियां हुईं। जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर। जाह्नवी का जन्म साल 1997 में हुआ था और वह जल्द ही बॉलीवुड में दस्तक देने वाली हैं। श्रीदेवी की बड़ी बेटी की आने वाली फिल्म का नाम धड़क है।
-
बोनी और श्रीदेवी को जाह्नवी के बाद दूसरी बेटी साल 2000 में हुई। दोनों ने उसका नाम खुशी रखा। खुशी कपूर भी इन दिनों सोशल मीडिया पर खासा एक्टिव रहती हैं।
-
श्रीदेवी जाह्नवी और खुशी के अलावा दो और बच्चों की मां भी थीं। जी हां, एक्टर अर्जुन कपूर और उनकी बहन अंशुला कपूर उनके सौतेले बच्चे थे। ये दोनों ही बच्चे बोनी कपूर को पहली बीवी मोना शौरी कपूर से हुए थे, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं।
-
हवा-हवाई गर्ल के पति और फिल्म प्रड्यूसर बोनी कपूर एक्टर अनिल कपूर और संजय कपूर के बड़े भाई हैं। ऐसे में श्रीदेवी अनिल और संजय की भाभी हुईं और वे उनके देवर। बोनी, अनिल और संजय दिवंगत बॉलीवुड फिल्म प्रड्यूसर सुरिंदर कपूर के बेटे हैं।
-
हिंदी सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार मानी जानी वाली अभिनेत्री सोनम कपूर, रिहा कपूर और एक्टर हर्षवर्धन कपूर की चाची थीं। चूंकि सोनम-रिहा और हर्षवर्धन बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर के बच्चे हैं। ये तीनों ही संतानें अनिल को सुनीता कपूर से हुई थीं।
-
बोनी से शादी करने के पहले श्रीदेवी बॉलीवुड एक्टर मिथुन के साथ थीं। साल 1985 में उन्होंने डिस्को डांसर को डेट करना शुरू किया था, मगर ज्यादा दिन तक वे साथ नहीं रह सके। दोनों के प्यार के चर्चे बेहद आम थे, जिसकी वजह से मिथुन का दांपत्य जीवन में उथल-पुथल मच रही थी। ऐसे में साल 1988 में वे दोनों अलग हो गए थे, जिसके बाद श्रीदेवी अकेली पड़ गई थीं। ऐसे में कुछ सालों बाद उन्होंने फिल्म प्रड्यूसर बोनी का हाथ थाम लिया था।
-
श्रीदेवी दुबई में अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में पहुंची हुई थीं। इस दौरान उनके साथ बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ मौजूद थे। श्रीदेवी की मौत की खबर की पुष्टि उनके पति और देवर संजय ने की थी। (फोटोः एक्सप्रेस फोटो/फेसबुक/टि्वटर)